दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित मोदीनगर तहसील के पास से चकभोला रजवाहा गुजरता है, जहां गांव कादरबाद में रजवाहे पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार की रात पुल पर लेंटर डाला जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर लगे हुए थे। इसी दौरान, अचानक पुल गिर गया, जिससे अफरातफरी मच गई।
निर्माणाधीन पुल का लेंटर मजदूरों पर गिरा
मोदीनगर तहसील के पास, गांव कादराबाद स्थित चकभोला रजवाहे में हुए इस हादसे के समय कई मजदूर मलबे में दब गए, जबकि कुछ पानी में गिर गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि, इस दुर्घटना में लेंटर डालने वाले मजदूरों को मामूली चोटें आईं। इसके चलते कई गांवों की सिचाई भी प्रभावित हुई है।
निर्माण में खराब सामग्री का उपयोग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया था, जिसके कारण रात में ही लेंटर डाला जा रहा था। उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा इस पुल का निर्माण कराया जा रहा था और पुल गिरने की सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
