गाजियाबाद में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, एसीपी ऑफिस की गिरी छत, सब इंस्पेक्टर की मौत

Ghaziabad Roof Collapse: यूपी के गाजियाबाद में आंधी-बारिश के कारण एसीपी अंकुर विहार ऑफिस की छत गिर गई। इस हादसे में एक सब इंस्पेक्टर की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

Ghaziabad Roof Collapse: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में देर रात आई आंधी-तूफान के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एसीपी अंकुर विहार के ऑफिस की छत गिर गई। उस दौरान ऑफिस में एक सब इंस्पेक्टर मौजूद थे, जिन पर छत गिरने और उसके मलबे में दबने से मौत हो गई है। पुलिस अधिकारी ने मृतक अधिकारी की पहचान सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मिश्रा उम्र 58 वर्ष के रूप में की है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने मिलकर एसपी के शव को मलबे से बाहर निकाला। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। वीरेंद्र मिश्रा की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना को लेकर अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दुर्घटना में दरोगा को गंभीर चोटें आई। सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी कार्यालय पहुंचे तो उनको मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रियदर्शी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र के चितभवन गांव के निवासी उप निरीक्षक के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

End of Feed