गाजियाबाद में प्लॉट खरीदने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि इस नवरात्र पर उनका सपना पूरा हो सकता है। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। जीडीए द्वारा बताया गया है कि इस बार दुर्गा पूजा के मौके पर इंदिरापुरम विस्तार योजना में प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा। इस योजना के तहत जीडीए 40 से अधिक प्लॉटों की बिक्री करेगा। बताया गया कि प्लॉट खरीदने के लिए खरीदारों को बोली लगानी होगी।
फाइल फोटो।
26 बार नीलामी प्रक्रिया आयोजित
आपको बता दें कि इंदिरापुरम योजना में ग्रुप हाउसिंग के लिए चार प्लॉट नियोजित हुए थे, जो 30 हजार वर्ग मीटर एरिया में फैला हुआ है। इसकी करीब 26 बार नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई, लेकिन फिर भी इसकी बिक्री नहीं हो सकी। इसके बाद जीडीए ने एक तीन सदस्यीय समिति गठित की, जिसकी अध्यक्षता अपर सचिव को सौंपी गई है। समिति ने इंदिरापुरम विस्तार योजना के तहत इस प्लॉट का लेआउट बनाया है। कुछ दिन पहले हुई मीटिंग में बोर्ड ने इसे बेचने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।
नवरात्र पर होगी प्लॉट की नीलामी
बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद जीडीए ने अब इन प्लॉट को बेचने का फैसला लिया है, जिसकी प्रक्रिया नीलामी के जरिए तय की गई है। जीडीए ने बताया कि इस नवरात्र पर नीलामी आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इंदिरापुरम विस्तार योजना के तहत शामिल प्लॉट के साथ-साथ जिस प्लॉट की बिक्री नहीं हुई है, उसे भी नीलामी में शामिल किया जाएगा।
