Ghaziabad: देश की पहली रैपिड रेल कई मामलों में बेहद खास होने वाली है। इस ट्रेन में सफर करने और टिकट पाने के लिए यात्रियों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। इसका टिकट जहां पूरी तरह पेपर लैस होगा, वहीं इसमें एंट्री-एग्जिट भी मेट्रो से अलग होगी। एनसीआरटीसी ने रैपिड रेल के टिकट के लिए एप्लीकेशन डिजाइन पर काम शुरू कर चुका है। इस खास एप से ऑनलाइन पेमेंट करने से यात्रियों को एक क्यूआर कोड दिया जाएगा। इस क्यूआर कोड को स्टेशन पर लगी मशीन के सामने स्कैन करना होगा। इसके बाद यात्री को प्लेटफार्म पर एंट्री मिलेगी। इसके अलावा रेगुलर यात्रियों के पास मेट्रो की तरह प्लास्टिक कार्ड बनवाने का ऑप्शन भी रहेगा।
स्टेशन पर खड़ी रैपिड रेल
एनसीआरटीसी अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए साहिबाबाद स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। एनसीआरटीसी के प्रवक्ता पुनीत वत्स ने बताया, स्टेशनों के निर्माण में देरी की वजह से मार्च माह में रैपिड रेल का प्रारंभिक खंड पर संचालन संभव नहीं है। साहिबाबाद से दुहाई स्टेशन के बीच रैपिड रेल का संचालन जून मध्य से हो सकता है। करीब 17 किलोमीटर के इस खंड पर स्थित पांचों स्टेशन पर निर्माण कार्य अब फिनिश होने की तरफ बढ़ रहा है। यहां अब प्लेटफार्म पर लाइट लगाने और स्क्रीन डोर लगाने का काम चल रहा है।
