Ghaziabad Weather Report in Hindi: गाजियाबाद का मौसम रंग बदल रहा है। कुछ समय की धूप के बाद अब ठंड का प्रचंड रूप दिखने लगा है। पिछले दिनों निकली धूप के बाद लोगों को लगने लगा था कि अब गर्मियों की शुरुआत होगी। लेकिन शाम तक में मौसम ने फिर करवट ली और लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मंगलवार को सुबह की शुरुआत लोगों के लिए बड़ी मुश्किलों भरी रही है। घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के साथ ठंड का कहर परेशानियां बढ़ा रहा है।
गाजियाबाद में आज का मौसम
कैसा रहेगा आज गाजियाबाद का मौसम
गाजियाबाद के मौसम की बात करें तो घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई है। सड़कों पर विजिबिलिटी मात्र 20 से 30 मीटर रही है। ओस की बौछार बारिश के जैसा एहसास दे रही हैं। घने कोहरे के कारण सड़क यातायात अधिक प्रभावित दिख रहा है। तापमान की बात करें तो सुबह 6 बजे का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को होने वाली बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में तापमान भी अलग-अलग दर्ज किया गया है। वसुंधरा की बात करें तो यहां का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इंदिरापुरम में तापमान 15 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया है। वहीं लोनी की बात करें तो दिल्ली से सटे इस इलाके का तापमान 15.5 डिग्री तक दर्ज किया गया है। इसके साथ ही इन सभी इलाकों में घना कोहरा बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा दी जानकारी के अनुसार गाजियाबाद में आंशिक रूप से बादल छाए हुए दिखाई देंगे।
