Ghaziabad Weather Report in Hindi: गाजियाबाद समेत पूरी यूपी में गलन वाली सर्दी सता रही है। गणतंत्र दिवस की सुबह भी घने कोहरे से ढकी हुई देखने को मिली। लोगों को इंतजार है कि कब उन्हें ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार गाजियाबाद में आज के बाद से गलनभरी ठंड से राहत मिल सकती है। गाजियाबाद में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि आज से दिन के समय धूप खिलने की संभावना जताई जा रही है। जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है।
गाजियाबाद में आज का मौसम (फोटो साभार - ट्विटर)
गाजियाबाद में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं प्रदूषण की बात करें तो गुरुवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 269 दर्ज किया गया, जोकि खराब की श्रेणी में आता है।
यूपी में मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में गलन भरी ठंड का प्रकोप छाया हुआ है। आलम ये है कि गुरुवार को कई इलाकों का तापमान 4 डिग्री से भी नीचे चला गया। गुरुवार को सबसे ठंडे जिलों में कानपुर और चुर्क रहा, जिनका न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश में शीतलहर, अत्यधिक घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है, इसके अलावा पश्चिमी यूपी में पाला पड़ने की चेतावनी भी जारी की है। प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड और फॉग का रेड और ऑरेंज अलर्ट हैं, इनमें गाजियाबाद ऑरेंज अलर्ट के जिलों में शामिल है।
