उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लिंक रोड इलाके से एक 14 साल की नाबालिग बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों में आक्रोश दिखा और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए उसकी दुकान में घुसकर सामान बाहर फेंक दिया। साथ ही तोड़फोड़ किया और एक ई-रिक्शा में आग लगा दी। इधर, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
सांकेतिक फोटो।
नाबालिग के साथ रेप
साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कुमार उपाध्याय ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से गुरुवार को बताया कि बुधवार की शाम को लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृज विहार चौकी इलाके में 14 साल की एक लड़की घर में अकेली थी, तभी कबाड़ का काम करने वाले दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने मारपीट कर उससे रेप किया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिये भेजा गया है। घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है। पीड़िता की चाची ने बताया कि बुधवार शाम छह बजे लड़की बच्चों को खिला रही थी, तभी तीन-चार लोग पीछे के रास्ते घर में घुसे।
भीड़ ने की तोड़फोड़
उन्होंने कहा कि उस वक्त बिजली नहीं आ रही थी, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने लड़की को नशीला पदार्थ सुंघाकर उससे रेप किया, आरोपी पड़ोस में ही कबाड़ का काम करते हैं। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को फांसी देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कबाड़ी की दुकान में घुसकर सामान बाहर फेंक दिया। एक ई-रिक्शा में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को सम्भाला।
