Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के टीला मोड़ क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि, मुजफ्फरनगर के सिसौली का रहने वाला जसीम, जो अपनी ही 4 साल की भांजी के साथ दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी था। इस अपराध को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार था, जिस पर गाजियाबाद पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम रखा था। एडिशनल डीसीपी (क्राइम) पीयूष सिंह के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस एनकाउंटर में 50,000 रुपये का इनामी अपराधी ढेर
क्या है पूरा मामला?
मुजफ्फरनगर के सिसौली का निवासी 25 वर्षीय जसीम, जिसे 'छोटू' के नाम से भी जाना जाता था, गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मजदूरी करता था। वह यहां किराए के एक कमरे में रहता था, जबकि उसकी बहन का परिवार उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर रहता था। जसीम अपनी बहन के घर अक्सर आता-जाता रहता था। शनिवार, 11 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे जसीम अपनी बहन के घर पहुंचा। बच्ची के पिता के अनुसार, जसीम उनकी 4 साल की मासूम बेटी को बाहर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी मासूम घर वापस नहीं आई और शाम ढलने लगी, तब चिंतित पिता जसीम के कमरे पर उसकी तलाश में पहुंचे।
देर रात मिला पुलिस को बच्ची का शव
जब पिता अपने साले जसीम (छोटू) के कमरे पर पहुंचे, तो वहां उनकी बेटी मौजूद नहीं थी। पूछने पर जसीम ने कहा कि वह बच्ची को घर के बाहर ही छोड़कर आ गया था। जसीम की बात सुनकर माता-पिता घबरा गए और उन्होंने तुरंत आसपास के इलाकों में अपनी बेटी की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बच्ची की तस्वीर नजदीकी थानों और चौकियों में साझा की गई। देर रात पुलिस को बीकानेर 80 फुटा रोड के पास एक मासूम का शव पड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस की सूचना पर जब माता-पिता मौके पर पहुंचे, तो वह उनकी ही 4 साल की मासूम बेटी का ही था।
माता-पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अपनी मासूम बेटी को खोने वाली मां का कलेजा फट पड़ा। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में पिता ने खुलासा किया कि उनका साला (जसीम) बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। पिता के अनुसार, आरोपी ने मासूम के साथ दरिंदगी (रेप) की और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी बच्ची के शव को अपने कमरे से करीब 500 मीटर दूर बीकानेर 80 फुटा रोड पर ले गया। वहां उसने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को एक कार के नीचे फेंक दिया और वापस अपने कमरे पर आकर सामान्य होने का नाटक करने लगा, जिसके बाद वह फरार भी हो गया।
