नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 500 करोड़ रुपये के कथित प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि गिरोह ने खुद को भारत और अमेरिका सरकार से जुड़े एक गोपनीय प्रोजेक्ट का हिस्सा बताकर लोगों को बड़े काम दिलाने का लालच दिया। इस ठगी में 'ब्लू पॉइजन' नाम के कथित प्रोजेक्ट और 'Indo-US Pacific Peace Treaty' नाम के फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल किया गया।
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता सौरभ सिंघानिया दिल्ली के छतरपुर में शोमेकर फार्म नाम से इवेंट मैनेजमेंट का कारोबार चलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नवंबर 2024 में येलती पद्मा राज गोपाल नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट का प्रमुख रणनीतिकार बताया और दावा किया कि भारत-अमेरिका के बीच कथित संधि के तहत 'ब्लू पॉइजन' नाम का बेहद गोपनीय प्रोजेक्ट चल रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बताया कि प्रोजेक्ट के लिए विशाल जर्मन हैंगर, करीब 15 हजार वर्ग फीट का परिसर, 200 फीट लंबा वॉकवे, अधिकारियों के लिए कमरे, सुरक्षा व्यवस्था और हेलीकॉप्टर से कथित वित्तीय खजाना उतारने के लिए स्पेशल लैंडिंग एरिया तैयार करना होगा।
फार्म हाउस को बनाया प्रोजेक्ट का ठिकाना
3 नवंबर 2024 को येलती पद्मा राज गोपाल और वेंकिटा वेंकट समेत कुछ लोग शिकायतकर्ता के छतरपुर स्थित फार्म हाउस पहुंचे। उन्होंने प्रोजेक्ट की जरूरतों के बारे में बताया और जगह को लेकर संतुष्टि जताई। इसके बाद शिकायतकर्ता को वसंत विहार स्थित वसंत कॉन्टिनेंटल होटल में कंपनी के दफ्तर बुलाया गया, जहां प्रोजेक्ट पर बातचीत हुई। आरोप है कि 25 नवंबर 2024 को शिकायतकर्ता की कंपनी शोमेकर, वीपीवीवी टेक्नो कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और येलती पद्मा राज गोपाल के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ। इसके बाद दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच निवेश समारोह आयोजित करने की तैयारी शुरू हुई।
समारोह नहीं हुआ, बिल बढ़ता गया
शिकायतकर्ता का आरोप है कि तय तारीखों पर कोई समारोह नहीं हुआ। आरोपी लगातार नई-नई मांग करते रहे और फार्म हाउस भी खाली नहीं किया। कभी प्रोजेक्ट के चेयरमैन की बीमारी तो कभी दूसरी वजह बताकर कार्यक्रम टाल दिया जाता था। इस दौरान शिकायतकर्ता को सिर्फ 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि बाकी रकम देने का भरोसा दिया जाता रहा। बाद में आरोपियों ने अप्रैल-मई 2025 में एक और निवेश समारोह कराने की बात कही। इसके लिए शिकायतकर्ता से छतरपुर और गुरुग्राम में अलग-अलग जगहों पर इंतजाम कराने को कहा गया। शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने गोल्डन ट्यूलिप सुइट्स समेत कई होटलों में करीब 200 डबल ऑक्यूपेंसी कमरे भी बुक कराए। खाने-पीने, सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और अन्य व्यवस्थाओं पर भी भारी खर्च किया गया।
500 करोड़ के कॉन्ट्रैक्ट का लालच
मामले में सबसे बड़ा खुलासा 'Indo-US Pacific Peace Treaty' नाम के कथित दस्तावेज को लेकर हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने यह दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि अमेरिका और भारत सरकार इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई हैं। दस्तावेज पर भारत के राजकीय चिह्न और अमेरिका की सरकारी मुहर जैसी दिखने वाली सील लगी थी। आरोपियों ने दावा किया कि अमेरिकी सरकार की तरफ से काम शुरू होने से पहले गारंटी बॉन्ड भी दिया जाएगा। इसी भरोसे पर शिकायतकर्ता ने अपने बकाया भुगतान को बड़े प्रोजेक्ट की सिक्योरिटी डिपॉजिट यानी अर्नेस्ट मनी के तौर पर समायोजित करने की बात मान ली। शिकायत में करीब 500 करोड़ रुपये के पांच साल के कॉन्ट्रैक्ट का भी जिक्र है। आरोप है कि इस प्रोजेक्ट में कैटरिंग, इवेंट मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स और मैनपावर के काम मिलने का भरोसा दिया गया था। शिकायतकर्ता को 27 प्रतिशत मार्जिन मिलने की बात भी कही गई थी।
हेलीकॉप्टर आया, खजाना नहीं उतरा
एफआईआर में जनवरी 2026 में आयोजित कथित निवेश समारोह का भी जिक्र है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 27 से 31 जनवरी के बीच कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। इसके लिए एक और फार्म हाउस में इंतजाम किए गए और बर्मा टीकवुड से हेलिपैड भी बनवाया गया।शिकायत में दावा किया गया है कि 22 या 23 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे एक हेलीकॉप्टर फार्म हाउस के ऊपर आया। उसके नीचे एक बड़ा घनाकार आकार का सामान लटका हुआ था। कुछ देर मंडराने के बाद हेलीकॉप्टर वहां से चला गया, लेकिन कथित फाइनेंशियल चेस्ट नहीं उतारा गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस समारोह में करीब 750 लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम में मोबाइल फोन, लैपटॉप और पेन ड्राइव ले जाने पर रोक थी। समारोह के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद करने के निर्देश भी दिए जाते थे।
जुलाई 2026 में फार्म हाउस छोड़कर भागे आरोपी
शिकायत के मुताबिक, 31 जनवरी 2026 को कार्यक्रम के बाद आरोपी फार्म हाउस खाली करके चले गए। इसके बाद वेंकिटा वेंकट के रहने के लिए एक अन्य संपत्ति किराये पर दी गई, जहां कथित तौर पर भारत और अमेरिका के झंडे लगाए गए और 'द बनयान लक्स' नाम का साइनबोर्ड बदलकर 'VV House' कर दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने 23 जुलाई 2026 को बिना बकाया भुगतान किए संपत्ति छोड़ दी। 30 सितंबर 2026 तक शिकायतकर्ता का कुल बकाया करीब 27 करोड़ 15 लाख 50 हजार 311 रुपये बताया गया है।
कई राज्यों में FIR का दावा
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जून 2026 में उन्हें पता चला कि केरल में भी इस कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ कि यह सिर्फ भुगतान का विवाद नहीं, बल्कि देशभर में लोगों को निशाना बनाने वाला एक बड़ा गिरोह हो सकता है। शिकायत में आरोप है कि आरोपी सरकारी परियोजनाओं के नाम पर बड़े-बड़े वर्क ऑर्डर देने का झांसा देकर लोगों से इवेंट, होटल, कैटरिंग, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था करवाते थे और बाद में भुगतान नहीं करते थे।
क्राइम ब्रांच ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 31 अक्टूबर 2026 को एफआईआर नंबर 0259/2026 दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 340(2), 61(2) और 3(5) के साथ राष्ट्रीय प्रतीक के अनुचित इस्तेमाल की रोकथाम अधिनियम, 2005 की धारा 3/7 लगाई गई है। एफआईआर में वीपीवीवी टेक्नो कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ढाका को सौंपी गई है। फिलहाल यह पूरा मामला शिकायतकर्ता के आरोपों और दर्ज एफआईआर पर आधारित है। जांच के बाद ही साफ होगा कि कथित गिरोह में कौन-कौन शामिल है, फर्जी दस्तावेज कहां तैयार किए गए और इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को निशाना बनाया गया।
