Delhi News: दिल्ली पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि हिमांशु भाऊ गिरोह के तीन कथित हमलावरों को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के बावाना क्षेत्र से हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह हमला पहले हुई हत्या का बदला लेने के मकसद से किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के पुनीत उर्फ अंकित (23) और अनिकेत (21), तथा सुल्तानपुर डबास, उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मोहित (24) के रूप में की है।
दिल्ली पुलिस ने गैंगवार से जुड़े हत्या के प्रयास के हमलावरों को गिरफ्तार किया (प्रतीकात्मक फोटो)
जानकारी के मुताबिक, हर एक आरोपी के पास से एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए, जबकि मोहित के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने हिमांशु भाऊ गिरोह के प्रमुख विक्की उर्फ हद्दल के निर्देशन में कार्य किया। हद्दल वर्तमान में विदेश में है। मामले की जांच में यह सामने आया कि आठ दिसंबर, 2025 को हुई इस हत्या के प्रयास में आरोपियों ने सुल्तानपुर डबास के यामीन उर्फ चंदू को पुरानी व्यक्तिगत रंजिश के चलते निशाना बनाया था। पुलिस का दावा है कि यह हमला विक्की के चाचा धरमबीर की हत्या का बदला लेने के मकसद से किया गया था, जिसे पहले यामीन के भतीजे ने अंजाम दिया था।
मामले में आगे की जांच जारी
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने घटना से एक दिन पहले इलाके की रेकी की थी। आठ दिसंबर को जब शिकायतकर्ता सुल्तानपुर डबास की ओर जा रहा था, तब आरोपियों ने जानबूझकर अपनी मोटरसाइकिल से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे वह गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर गोलीबारी की, लेकिन पीड़ित सुरक्षित रहा। पुलिस ने इस मामले में बवाना थाने में मामला दर्ज किया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारीयों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनके अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
