Rekha Gupta: सीएम चुने जाने पर रेखा गुप्ता की पहली प्रतिक्रिया आ चुकी है। उन्होंने कहा है कि 'मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद।' दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के लिए रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगने के बाद उनके घर पर खुशी का माहौल है। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री बनेंगी। बुधवार शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई।
CM की कुर्सी मिलने को लेकर रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
सीएम की कुर्सी मिलने के बाद क्या बोलीं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता ने इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
बता दें, रामलीला मैदान में गुरुवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया। गत 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली थी।
CM चुने जाने पर रेखा गुप्ता के घर के बाहर जश्न का माहौल
दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान कर दिया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगने के बाद, रेखा गुप्ता गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके घर पर खुशी का माहौल है। उनके समर्थक और करीबी रिश्तेदार उन्हें बधाई देने के लिए जुटे हुए हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर इस ऐतिहासिक मौके का जश्न मना रहे हैं।
दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया।
रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।
20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा। समारोह के निमंत्रण की पहली कॉपी सामने आई है। इस निमंत्रण पत्र में मुख्य सचिव की तरफ से सभी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। दिल्ली में 10 साल से अधिक समय तक शासन करने वाली 'आप' को विधानसभा चुनाव में केवल 22 सीटें ही मिल सकीं। वहीं, पिछली बार की तरह इस बार भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला।
शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी कुछ खास बातें जानिए
शपथ ग्रहण समारोह के टाइमटेबल के मुताबिक, दिन में 11-12 बजे के बीच शपथ समारोह के गेस्ट आएंगे और अपनी सीट लेंगे। 12:10 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मनोनीत मंत्री आएंगे। 12:15 बजे एलजी शपथ समारोह में पहुंचेंगे। 12:20 बजे केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य नेता पहुंचेंगे। 12:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। वहीं, 12:30 बजे बैंड की धुन पर राष्ट्रगान होगा। 12.35 बजे एलजी मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
