Delhi: राजेंद्र नगर में कोचिंग सेंटर में लगी आग, होटल में भी मची अफरा-तफरी

दिल्ली में रविवार को एक कोचिंग सेंटर और एक होटल में आग लग गई। हालांकि, दोनों ही घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दिल्ली : मध्य दिल्ली में एक इमारत की चौथी और पांचवीं मंजिल पर स्थित एक कोचिंग संस्थान में रविवार को आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि घटना से छात्रों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि उन्हें दोपहर 11.08 बजे ओल्ड राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार रोड पर आग लगने की सूचना मिली। दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दोपहर 12:20 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच जारी है।

Fire

(सांकेतिक फोटो)

होटल में भी लगी आग

पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक होटल में रविवार दोपहर आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1.15 बजे पूर्वी पश्चिम विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित होटल की तीसरी मंजिल के एक कमरे और एक हॉल में आग लग गयी। होटल की इमारत में एक बेसमेंट, भूतल और तीन ऊपरी मंजिलें हैं। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अपराह्न 1.50 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

End of Feed