Delhi Crime: दिल्ली पुलिस ने एक महीने तक चले अभियान में हथियार तस्करों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अब तक इसके 18 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ‘ईगल’ नामक पूरे अभियान के दौरान आरोपियों के पास से चार स्वचालित पिस्तौल, आठ तमंचे, एक देसी राइफल, तीन चाकू और 33 गोली बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोग पहले भी हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, जबरन वसूली, सेंधमारी, दंगा, चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम के 50 से अधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
अंतरराज्यीय गिरोह के 18 तस्कर गिरफ्तार
हथियार तस्करों पर नकेल कसने के लिए अभियान
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि ‘ईगल’ अभियान दिल्ली और एनसीआर में सक्रिय हथियार तस्करों पर नकेल कसने के लिए चलाया गया था। अधिकारी के अनुसार, यह अभियान गाजीपुर से दो लोगों (अरशद और मोहम्मद सुलेमान) को गिरफ्तार किये जाने के बाद शुरू किया गया। उनके पास से एक बंदूक, तीन गोलियां, तीन चाकू और एक चोरी की कार जब्त की गई। विशेष आयुक्त ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने दिल्ली-एनसीआर में हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल गिरोह के कई अन्य सदस्यों के नाम बताए। पूरे गिरोह के बारे में जांच-पड़ताल करने और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके गिरोह को खत्म करने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।’’
मदन गिरोह से जुड़े 16 लोग गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की और 'मदन गिरोह' से जुड़े 16 और लोगों को गिरफ्तार किया। श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष कबूल किया कि वे सभी एक ही गिरोह के सदस्य हैं और दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरोह के मुखिया मदन को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की डासना जेल से गिरफ्तार किया, जहां से वह गिरोह का संचालन कर रहा था।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
