दिल्ली के शिक्षा, गृह और ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कांवड़ यात्रियों से धार्मिक आस्था का ध्यान रखने की अपील की और यह सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया कि दिल्ली के आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दिल्ली में कांवड़ यात्रा से पहले शुरू हुई तैयारियां
कांवड़ यात्रियों से शुरू होगी एकल खिड़की व्यवस्था
सूद ने कहा कि यह भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद का पहला बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रियों के लिए एकल खिड़की व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिससे शिविर लगाने वाली समितियों को सभी प्रशासनिक सुविधाएं और अनुमति एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
कांवड़ यात्रा के पहले अधिकारियों को दिए गए ये निर्देश
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित मार्गों और शिविरों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली की 24 घंटे आपूर्ति और यातायात सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, और बिजली से संबंधित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा, शिविरों के आसपास अग्निशमन विभाग की छोटी गाड़ियों की तैनाती का भी निर्देश दिया गया।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांवड़ यात्री निर्धारित मार्गों का पालन करें और आवासीय क्षेत्रों में लाउडस्पीकर का उपयोग देर रात तक न हो।बैठक में दिल्ली पुलिस, नगर निगम, बिजली वितरण कंपनियां, ऊर्जा विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, होम गार्ड, शहरी विकास विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
