Delhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई ने बुधवार को घोषणा की कि इस वर्ष राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 1,500 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस निर्णय से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार के एक चुनावी वादे को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने भाजपा के एक और चुनावी वादे को पूरा किया है-यमुना तट सहित पूरे दिल्ली में 1,500 घाटों पर छठ पूजा कराई जाएगी।" सचदेवा के अनुसार यमुना के किनारे 23 बड़े प्राकृतिक घाट बनाए जाएंगे, जबकि करीब 1,300 कृत्रिम घाट तैयार किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, जनता की मांग के आधार पर 200 अन्य स्थलों को भी चिन्हित किया गया है।
दिल्ली के 1500 घाटों पर होगा छठ पूजा का भव्य आयोजन (Photo - PTI)
छठ पूजा की व्यवस्था सरकार की प्रतिबद्धता
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा यमुना किनारे पूजा पर लगाए गए "अनैतिक प्रतिबंध" को भी उजागर किया है। सचदेवा ने कहा, "हमने प्रदूषित यमुना की स्थिति और उस समय के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निष्क्रियता को उजागर किया, जिसके कारण छठी मैया की कृपा से दिल्ली में हमारी सरकार बनी।" उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस वर्ष छठ पूजा की व्यवस्था के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और दिल्ली के मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह की देखरेख में स्वच्छता व्यवस्था की जाएगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों और साफ-सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार या नगर निगम पर नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा, "पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में हमारे कार्यकर्ता सभी प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाएंगे।" सचदेवा ने बताया कि सभी भाजपा सांसद, विधायक, पार्षद और वरिष्ठ नेता घाटों का दौरा करेंगे ताकि दिल्ली में अब तक के "सबसे बेहतरीन छठ पूजा समारोह" का सुचारू रूप से आयोजन किया जा सके।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
