Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे और भीषण ठंड की आगोश में है। दिसंबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश के बाद से दिल्ली में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। साथ ही शीतलहर का दौर भी जारी है। जिससे दिन में भी लोगों को ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिल रही है। राजधानी में न्यूनतम तापमान भी लगातार गिरता जा रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं घने कोहरे के चलते कुछ इलाकों में विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई। आने वाले दिनों एक बार फिर बारिश का संकट गहरा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में 6 जनवरी को बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट के साथ ही ठंड में और बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज भी छाया घना कोहरा
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिससे सड़कों पर थोड़ी ही दूर पर कुछ दिख नहीं रहा है। गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज और कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 5 जनवरी को भी दिल्ली में सुबह के समय घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शाम को भी हल्का कोहरा या स्मॉग छाया रह सकता है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
बारिश के बाद गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 6 जनवरी को बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दिन सुबह और शाम में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक दर्ज होने के आसार हैं। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की भी संभावना है। 7 और 8 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक दर्ज होने की संभावना है।
कोहरे से थमी ट्रेन की रफ्तार, 470 विमान भी लेट
घने कोहरे के चलते आज देश के 10 प्रमुख एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई है। वही बेंगलुरु में 50 मीटर और पटना एयरपोर्ट पर 200 मीटर की विजिबिलिटी दर्ज की गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है कि लोग घरों से निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेटस चेक करके निकले। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह और रात में भी घना कोहरा छाया रहा। जिससे कई इलाकों में जीरो मीटर विजिबिलिटी पहुंच गई। जिसकी वजह से रेल और विमान सेवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही पर इसका असर देखने को मिला। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से शुक्रवार को उड़ान भरने वाले 400 से ज्यादा विमान लेट हो गए। लेकिन किसी विमान के रूट में बदलाव नहीं किया गया। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार एयरपोर्ट पर 470 उड़ानें देरी का शिकार हुईं। वहीं रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की चाल भी धीमी रही। कोहरे के चलते 150 से ज्यादा ट्रेनें भी देरी का शिकार हुईं। जिसमें दिल्ली आने वाली 41 से ज्यादा ट्रेनों को बदले हुए समय पर रवाना किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
