Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर उमस भरी गर्मी लोगों को सता रही है। बारिश न होने से राजधानी का पारा भी बढ़ गया है। लेकिन आज से दिल्ली के मौसम में बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। जिसका असर दिल्ली समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। IMD के अनुसार राजधानी में बुधवार से लगातार चार दिन तक बारिश होने की संभावना है। जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी।
आज दिल्ली का मौसम
आज से बदलेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बूंदाबांदी या फुहार पड़ने के भी आसार हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। जिसके बाद 25 और 26 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं संग झमाझम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटा रह सकती है। 28 सितंबर को भी राजधानी में बूंदाबांदी होने का अनुमान है। बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
बारिश से तापमान में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव होने से दिल्ली के तापमान में कमी आएगी। 27 और 28 सितंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान घटकर 31 से 32 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है। जिसके बाद 29 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दिन से तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। 30 सितंबर को भी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। इन दोनों दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
हवा में गर्माहट का हुआ एहसास
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार दोपहर तक तेज धूप रही, जिसके बाद बादल छा गए। बीते दिन हवा में भी गर्माहट का एहसास हुआ। दिल्ली में 10 साल बाद 24 सितंबर सबसे गर्म रहा। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 2014 में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का सबसे गर्म इलाका आयानगर रहा। जिसका अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 22.7 डिग्री रहा।
मॉनसून की विदाई करीब
मंगलवार को राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में मॉनसून की विदाई हो गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी मॉनसून की वापसी के दिन करीब आ गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली से मॉनसून अगले सप्ताह तक विदा लेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
