Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। राजधानी में रविवार को शुरु हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। बीते दिन सुबह से ही रिमझिम बारिश देखने को मिली। दिन में भी आसमान में बादल छाए रहे और शाम को भी कुछ इलाकों में बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते दिल्ली का मौसम सुहावना हो गया है। लेकिन कई इलाकों में बारिश के चलते जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में पूरे सप्ताह बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं कि आज यहां कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली में आज मौसम का हाल
16 अगस्त तक जोरदार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं। हालांकि आज दिल्ली में तेज या भारी बारिश की संभावना नहीं है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। बुधवार को राजधानी में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। दिल्ली में 15 और 16 अगस्त को भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव
दिल्ली में सोमवार को दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कों से लेकर गलियां पानी से लबालब भर गई। जलभराव के चलते कुछ जगहों परयातायात भी प्रभावित हुआ। दिल्ली पुलिस के अनुसार मुंडका में जलभराव की वजह से रोहतक रोड पर टिकरी बॉर्डर से पीरागढ़ी तक यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा एमबी रोड पर खानपुर से हमदर्द तक बारिश का पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं द्वारका सेक्टर 3/13 क्रॉसिंग और डॉ. कर्णवाल मार्ग के पास पेड़ गिर गया। जिस कारण यहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सोमवार को कहां-कितनी बारिश हुई
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा रिज में 29.9 डिग्री, पालम 29.4 और आया नगर में 29.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। दिल्ली में 12 अगस्त तक कुल 168.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। सोमवार को नजफगढ़ 31.5 मिमी, लोदी रोड 13.9 मिमी, सफदरजंग 13 मिमी, पालम 10.8 मिमी, आया नगर 9.4 मिमी, पूसा 3.5 मिमी, रिज 1.2 मिमी, डीयू 0.5 मिमी और नरेला 7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
