Delhi Weather: दिल्ली-NCR में रविवार को अचानक मौसम बदल गया। तपिश के मौसम के बीच तेज हवाएं चलने लगी हैं और जल्द ही बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे के लिए राजधानी के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान चलने की आशंका है। साथ ही बादलों की गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है। खराब मौसम को लेकर लोगों के मोबाइल में भी अलर्ट आया है।
IMD का बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार शाम को 7 बजे अलर्ट जारी किया है, जिसके अनुसार 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती हैं। कही-कहीं हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान उत्तर दिल्ली को छोड़कर शेष अन्य इलाकों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में भी शाम के साढ़े आठ बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिनभर कड़ाके की धूप के बाद बदला मौसम
दिल्ली में इन दिनों मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप निकल रही है, तो कभी मौसम अचानक बदल रहा है और बारिश का सिलसिला शुरू हो जा रहा है। रविवार को राजधानी में दिनभर कड़क धूप निकली रही। इस दौरान उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। सूरज ढलने के बाद भी तपिश का एहसास बरकरार रहा। लेकिन शाम को सात बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। ऐसे में आंधी चलने और बिजली गिरने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और बेवजह बाहर निकलने से बचने को भी कहा गया है।
