Delhi BK Dutt Colony Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिणी हिस्से में स्थित बीके दत्त कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला अग्निकांड सामने आया है। लोधी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बी-ब्लॉक में चावला स्वीट्स के सामने स्थित एक रिहायशी मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में मकान के भीतर मौजूद एक महिला और दो बच्चों की झुलसकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दिल्ली के लोधी रोड पर दर्दनाक हादसा, बीके दत्त कॉलोनी में लगी आग, महिला और दो बच्चों की झुलसकर मौत
घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय निवासियों ने तुरंत दमकल विभाग व पुलिस को मामले की जानकारी दी।
10:21 बजे मिली दमकल को सूचना
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10:21 बजे कंट्रोल रूम को बीके दत्त कॉलोनी स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर आग लगने की आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। मौके पर तुरंत एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग एपेरेटस टेंडर (BFT) भेजा गया ताकि आग पर काबू पाया जा सके।
घटना को देखते हुए दमकल के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर तैनात किया गया और एडीओ (ADO) राजेश शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंचकर कमान संभाली। दमकल कर्मियों ने कड़े मशक्कत के बाद लगभग 11:10 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इसके बाद दोबारा आग न भड़के, इसके लिए काफी देर तक कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया।
बचाव दल जब तीसरी मंजिल के भीतर दाखिल हुआ तो वहां से तीन लोगों के झुलसे हुए शव बरामद हुए। शुरुआती जांच के अनुसार मृतकों में मां और उसकी दो छोटी बेटियां शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शार्ट सर्किट या एसी धमाके की आशंका को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
