Chandigarh: चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर पंचकूला साइड में हरियाणा के सरपंचों ने अपने विभिन्न मांगों को लेकर पक्का धरना शुरू कर दिया है। जिसकी वजह से चंडीगढ़ और पंचकूला के बीच रोड कनेक्टिविटी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। इस धरने में हजारों लोग जुड़े हैं और उन्होंने चंडीगढ़-पंचकूला की मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। जिसकी वजह से इस इलाके में वाहनों का भारी जाम लग रहा है। इस संबंध में चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को रूट डायवर्जन की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि इस प्रदर्शन की वजह से कई सड़कों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।
चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर की गई बैरिकेडिंग
चंडीगढ़ पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में बताया कि, हरियाणा के सरपंचों द्वारा चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर किए जा रहे प्रदर्शन की वजह से हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट, पंचकूला और चंडीगढ़ सेक्टर 7/8/17/18 चौक, मध्य मार्ग से सेक्टर 7/8/17/18 चौक को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा पंचकूला से हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट और मध्य मार्ग पर मनीमाजरा तक रोड को भी बंद किया गया है। पंचकूला से चंडीगढ़ की तरफ आने वाले वाहन चालकों को दिल्ली- चंडीगढ़ हाईवे से होकर शहर में आना पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि, यह सभी सड़के धरना जारी रहने तक बंद रहेंगी। सड़कें जैसी ही क्लियर होगी उसकी जानकारी दे दी जाएगी। तब तक लोगों को वैकल्पिक रूट को अपनाना पड़ेगा।
