पंजाब के कई इलाकों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, जिसके बाद सरकार अब और तेजी से राहत और पुनर्वास कार्य में जुट गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मिशन मोड में लगातार काम कर रहा है। हर गांव, हर किसान और हर पशुपालक तक मदद पहुंचाने में सरकार जुटी है, ताकि पशुओं को बीमारी से बचाया जा सके।
पंजाब सीएम भगवंत मान (फोटो- BhagwantMann1)
हर जिले में 24x7 कंट्रोल रूम एक्टिव हैं। पहली बार किसान भाइयों को मोबाइल के जरिए सरकारी डॉक्टरों से सीधे सलाह मिल रही है। वेटरनरी डॉक्टरों की टीमें गांवों में तैनात हैं, जो पशुओं की जांच, इलाज और जरूरतमंदों तक दवाइयां और चारा मुफ्त में पहुंचा रही हैं। सरकार ने हर जिले से रोजाना प्रगति रिपोर्ट मंगवाने का सिस्टम बनाया है। साथ ही एक स्पेशल मॉनिटरिंग टीम हर स्तर पर निगरानी कर रही है, जिससे योजनाएं सिर्फ कागज पर न रहें, बल्कि जमीन पर असर दिखे। बाढ़ के कारण जिन पशुओं की सेहत पर असर पड़ा, उनके लिए फ्री टीकाकरण, यूरोमिन लिक, मिनरल मिक्सचर, एंटीबायोटिक्स और सिलाज पैक बांटे जा रहे हैं।
साफ पानी के लिए क्लोरीन की गोलियां दी जा रही हैं। सूबे के हर गांवों में पशुओं के लिए हरा चारा, सूखा फीड और हाई-क्वालिटी पोषण पहुंचाया जा रहा है। पंजाब के हर गांवों में राहत कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां पंचायतें, एनजीओ और सरकार की टीमें मिलकर पशुपालकों को राहत दे रही हैं। तीन खास वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि कोई जानकारी से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। उनके साथ मंत्री, विधायक, अधिकारी सब मैदान में डटे हैं।
