Chandigarh: सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में पैदल सफर करने वाले राहगीरों के लिए जरूरी खबर है। अब यहां की सड़कों पर पैदल यात्री सड़क क्रॉस करने के लिए ट्रैफिक को खुद से कंट्रोल कर सकेंगे। इसके लिए चंडीगड़ ट्रैफिक पुलिस ने शहर के दो स्थानों पर स्पेशल पुश बटन लाइट लगाई है। इन पुश बटन की मदद से पैदल यात्री जब चाहें तभी पैदल सड़क को पार कर सकते हैं। लोगों को सड़क पार करने के लिए ट्रैफिक के रुकने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार चंडीगढ़ की सड़कों को पैदल यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए एक खास योजना तैयार की गई है। इसके पायलट प्रोजेक्ट के तहत इन दोनों पुश बटन लाइट को लगाया गया है।
राहगीरों को पुश बटन के पति अवेयर करते पुलिसकर्मी
अधिकारियों ने बताया कि, इन दोनों पुश बटन लाइट को अभी सेक्टर 16 में रोज गार्डन और सुखना लेक के पास चौराहे पर इंस्टॉल किया गया है। पैदल राहगीर जैसे ही इस बटन को दबाएंगे रेड लाइट जल जाएगी और सारा ट्रैफिक अपने आप 30 सेकेंड के लिए रुक जाएगा। जिससे लोग आसानी से सड़क को पार कर दूसरे किनारे पर पहुंच सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट का अभी ट्रायल किया जा रहा है। एक माह बाद इसका रिस्पांस और फायदा देखा जाएगा। जिसके बाद शहर भर के कई और स्थानों पर भी इस तरह के पुश बटन लाइट्स इंस्टॉल की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार इन पुश बटन को बाजार, स्कूल-कॉलेज और पर्यटन स्थलों जैसे उन भीड़-भाड़ वाले जगहों पर लगाया जाएगा, जहां पर सबसे ज्यादा पैदल यात्री सफर करते हैं।
