Punjab: पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती ही दिख रही है। अभी अमृतपाल सिंह का मामला ठंडा भी नहीं हुआ है कि एक और घटना सामने आ गई है। पंजाब के एक जेल में भयंकर खूनी गैंगवार हुआ है, जिसमें दो गैंगस्टरों की मौत हो गई है।
पंजाब में जेल में गैंगवार
कहां हुई झड़प
पंजाब के गोइंदवाल सेंट्रल जेल में यह घटना हुआ है। यहां बंद सिद्धू मूसवाला हत्याकांड के आरोपी रविवार दोपहर जेल परिसर के अंदर आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में तीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच शुरू
तरन तारन के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान के मुताबिक, मारपीट में दो लोगों की मौत हो गई। मारपीट में धारदार हथियार आरोपियों ने जेल में ही बनाए थे। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन भी सवालों के घेरे में है और अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी
मृतकों की पहचान बटाला के मनदीप सिंह उर्फ तूफान और बुढलाना के मनमोहन सिंह उर्फ मोहना के रूप में हुई है। बठिंडा के केशव के रूप में पहचाने जाने वाले एक अन्य कैदी को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल ले जाया गया है। ये तीनों सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी हैं। तूफान पर मूसेवाला के शूटरों को वाहन उपलब्ध कराने का आरोप था।
सरेआम कर दी थी हत्या
29 मई, 2022 को 28 वर्षीय गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या से एक दिन पहले ही उनकी सुरक्षा को कम किया गया था। हमलावरों ने मूसेवाला पर 30 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं थीं।
