Lakhimpur Kheri Accident: यूपी के लखीमपुर खीरी में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रविवार की सुबह गोला-खुटार रोड पर एक कार की टक्कर ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली से हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।
लखीमपुर में सड़क हादसा। (सांकेतिक फोटो)
हादसे में तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, कार चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार ट्राली से टकरा गई। इसके बाद एक दूसरे वैगन आर कार से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में उत्तराखंड के रहने वाले तीन युवकों की मौत हो गई। साथ ही दो अन्य घायल हो गए।
चालक ने खोया अपना नियंत्रण
यह दुर्घटना सुबह करीब आठ बजे मैलानी थाना क्षेत्र में नौवां खेड़ा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड नंबर प्लेट की एक एक्सयूवी कार खुटार की ओर से आ रही थी। चालक ने अपना नियंत्रण खोया और कार एक ट्राली से जा टकराई। इसके बाद एक अन्य कार से भी इसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में एक्सयूवी कार के परखच्चे उड़ गए और दूसरी कार खाई में जा गिरी।
मरने वाले सभी उत्तराखंड के रहने वाले
हादसे में मरने वाले युवकों की पहचान जचल सिंह (30), कुंदन सिंह (35) और प्रतीक शर्मा (30) के रूप में हुई है और ये सभी उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। वहीं, दो अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज चल रहा है।
