Ajmer Bus Accident: राजस्थान के अजमेर जिले में रविवार को एक यात्री बस के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, अजमेर से एक बस में सवार होकर सभी यात्री पीसांगन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद जिला कलेक्टर लोक बंधु, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला और भाजपा शहर अध्यक्ष समेत पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
अजमेर जिले में भीषण सड़क हादसे से हड़कंप
आखिर कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा पुष्कर घाटी क्षेत्र में संजहीसर से आगे उस समय हुआ, जब बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन मुख्य सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। गिरने के बाद बस पेड़ों और झाड़ियों में फंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कपड़ों की मदद से अस्थायी रस्सियां बनाकर घायलों को बाहर निकाला।
दो महिलाओं की मौत
सभी घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे के मुताबिक घायलों का इलाज जारी है, जबकि एक मरीज को छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने मृतकों की पहचान पूजा (28) और विमला देवी (50) के रूप में की है। राहत और बचाव कार्य की बागडोर एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संभाली। हादसे के बाद पुष्कर घाटी क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे लंबा जाम लग गया।
पाली में सड़क हादसे में एक डॉक्टर की मौत
वहीं, इससे पहले पाली जिले में बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में 34 वर्षीय एक डॉक्टर की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा टीपी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में नया गांव रोड पर हुआ जब एक डंपर ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया था कि टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही थी। सहायक उप-निरीक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने बताया कि डंपर कार के साथ-साथ चल रहा था कि अचानक मुड़ गया। कार चालक ने ब्रेक लगाए लेकिन कार डंपर से टकरा कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान जालौर जिले के दांता निवासी डॉ. शैलेश बिश्नोई (34) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पाली के धिंगाना के रहने वाले डॉ. गौरव सिंह (30) के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई।
