Threat Letter to Rahul Gandhi: पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा के समय मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने वाले 60 साल के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स ने राहुल को जान से मारने की धमकी वाला पत्र भेजा था। गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसने मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रवेश करते ही राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। चिट्ठी इंदौर में एक मिठाई की दुकान के बाहर मिली थी।
राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार
दयासिंह उर्फ ऐशीलाल झाम गिरफ्तार
दयासिंह उर्फ ऐशीलाल झाम को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह ट्रेन से भागने वाला है तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) निमिष अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया था कि झाम को रासुका के तहत जेल भेजा जाए। अग्रवाल ने कहा कि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि आरोपी ने राहुल गांधी को पत्र क्यों भेजा और जांच की जा रही है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि झाम में सनकी प्रवृत्ति है। झाम के पत्र में कहा गया था कि राहुल गांधी और कमलनाथ की हत्या कर दी जाएगी और इंदौर में बड़े पैमाने पर बम विस्फोट किए जाएंगे।
कमलनाथ को भी दी थी धमकी
नवंबर 2022 में पत्र मिलने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 507 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। 1984 के सिख विरोधी दंगों की पृष्ठभूमि में पत्र में राहुल गांधी और कमलनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। यह पत्र तब मिला था जब पिछले साल सितंबर में तमिलनाडु के कन्याकुमारी में शुरू हुई राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा 27 नवंबर को इंदौर में प्रवेश कर गई थी और अगले दिन पड़ोसी जिले उज्जैन में चली गई थी।
