Badaun News: गर्म रोटी नहीं खिलाई तो बौखलाए बाराती, हलवाई पर उड़ेल दिया खौलता तेल

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 30, 2023, 05:04 PM IST

उत्तर प्रदेश के बदायूं में बारातियों ने हलवाई पर खौलता तेल उड़ेल दिया। हलवाई की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने बारातियों के कहने पर गर्म रोटियां सेंककर नहीं खिलाई।

बदायूं: जिले के मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में बारात के दौरान गर्म रोटी न मिलने से नाराज बारातियों ने हलवाई पर कथित तौर पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। गम्भीर रूप से झुलसे हलवाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

wedding procession orgy

फाइल फोटो

गर्म रोटी नहीं मिलने पर बारातियों का पारा हाई

पुलिस के मुताबिक, मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी पन्नालाल की बेटी की 29 नवंबर को शादी थी। बारात कासगंज जिले के थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गांव से आई थी एवं देर रात दूल्हे के चाचा इंद्रपाल पाली समेत कुछ लोग खाना खाने बैठे। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने रोटी गर्म मांगी, लेकिन चूंकि देर हो जाने की वजह से तंदूर बुझ चुका था। इसलिये वेटर ने गर्म रोटी नहीं होने की बात कही। इस पर इंद्रपाल समेत और उसके तीन दोस्त भड़क गए और गाली गलौज करते हुए हलवाई को बुलाने के लिए कहा।

कढ़ाही का खौलता तेल फेंका

उन्होंने कहा कि हलवाई राजेश उस समय दुल्हन की विदा के वक्त बारातियों को नाश्ता आदि बनाने की तैयारी कर रहा था। ऐसे में उसने आने से इंकार कर दिया। इस पर तैश में आये इंद्रपाल और उसके दोस्तों ने मौके पर पहुंचकर राजेश पर कढ़ाही में खौल रहा तेल उड़ेल दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि हलवाइयों के ठेकेदार तरुण ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राजेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बतायी जाती है। मूसाझाग थाना के थानाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी बारातियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

End of Feed