Ganjam Covid-19 Alert: आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों के सामने आने के बाद ओडिशा का गंजाम जिला हाई अलर्ट पर है। बतायाा जा रहा है कि गंजाम के मुख्य जिला चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को कोविड-19 की रोकथाम और निगरानी को लेकर तत्काल प्रभाव से विशेष निर्देश जारी किए हैं। आधिकारिक आदेश के अनुसार, आंध्र प्रदेश में हाल ही में कोविड-19 के नए मामलों और संदिग्ध मरीजों की सूचना मिलने के बाद गंजाम जिले में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
कोरोना की आहट से सतर्क हुआ ओडिशा का गंजाम
सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
गंजाम की आंध्र प्रदेश से लगी सीमा और दोनों राज्यों के बीच लोगों की लगातार आवाजाही को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि, सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (SARI) से पीड़ित सभी मरीजों की अनिवार्य कोविड जांच की जाएगी। वहीं इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (ILI) के कम से कम 5 प्रतिशत मरीजों की रैंडम कोविड टेस्टिंग भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बुखार और सांस संबंधी बीमारियों पर नजर
सभी अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन सपोर्ट बेड, पीएसए ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और मेडिकल लॉजिस्टिक्स की तैयारियों की समीक्षा कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के असामान्य मामलों पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध समूहों (क्लस्टर) की तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने की लोगों से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे श्वसन (Respiration) संबंधी स्वच्छता का पालन करें, लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट से बचें। साथ ही सभी अस्पतालों में ओआरएस, पैरासिटामोल, जिंक, विटामिन, श्वसन संबंधी दवाएं और एज़िथ्रोमाइसिन जैसी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल गंजाम जिले में किसी बड़े कोविड प्रकोप की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह पूरी कवायद केवल एहतियात के तौर पर की जा रही है ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
