Lucknow-Agra Express Accident: आगरा में फतेहाबाद थानाक्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादास हो गया। जहां एक कार अनियंत्रित होकर खड़े डीसीएम कैंटर से टकरा गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी। कार में एक दंपत्ति और उनके दो बच्चों सवार थे, ये लोग महाकुंभ से गंगा स्नान करके लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में इनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
फाइल फोटो
कार डिवाइडर तोड़ दूसरी तरफ पहुंची
पुलिस ने बताया कि यह हादसा आधी रात करीब साढ़े बारह बजे थाना फतेहाबाद इलाके में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे हुआ। इस हादसे में मृतकों की पहचान ओमप्रकाश (42), उनकी पत्नी पूर्णिमा सिंह (34), बेटी अहाना (12) और बेटे विनायक (चार) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ओमप्रकाश रविवार रात को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कुंभ स्नान करके लौट रहे थे। तभी उनकी कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ खड़े डीसीएम कैंटर से टकरा गई।
नींद आने के कारण हादसा होने की आशंका
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में ओमप्रकाश और उनके परिवार के तीन अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। फतेहाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमरदीप ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चालक को झपकी लगने के कारण कार बेकाबू हो गई। मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
