बजट 2026-27 को लेकर आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किया गया बजट विकास की बजाय कर्ज और अधूरे वादों का आईना है। उनके मुताबिक, सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई देता है। ढांडा ने दावा किया कि राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। आधिकारिक तौर पर जहां लगभग ₹3.5 लाख करोड़ का कर्ज बताया जा रहा है, वहीं वास्तविक देनदारी करीब ₹5 लाख करोड़ तक पहुंचने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की लगभग 34 प्रतिशत आय उधार पर आधारित है और बजट का करीब 30 प्रतिशत, यानी लगभग ₹67,000 करोड़, पुराने कर्ज की किस्तें चुकाने में खर्च होगा।
अनुराग ढांडा ने साधा हरियाणा बजट पर निशाना
महिलाओं के लिए प्रावधान पर सवाल
आप नेता ने 2024 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को ₹2100 मासिक सहायता देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए ₹6,500 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो घोषित वादे की तुलना में बेहद कम है। उनके अनुसार, यदि लगभग एक करोड़ महिलाओं को ₹2100 प्रति माह दिया जाए तो सालाना करीब ₹22,000 करोड़ की आवश्यकता होगी। वर्तमान में करीब 9 लाख महिलाओं को ही लाभ मिल रहा है। ढांडा ने इसे महिलाओं के भरोसे के साथ न्याय न होने की स्थिति बताया।
शिक्षा क्षेत्र में कमी का आरोप
शिक्षा के मुद्दे पर भी सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए गए। ढांडा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षा पर कम से कम 6 प्रतिशत खर्च की सिफारिश की गई है, जबकि राज्य सरकार ने बजट में केवल 1.9 प्रतिशत राशि निर्धारित की है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में 15,451 शिक्षकों के पद खाली हैं और कॉलेजों में 2,400 से अधिक टीचिंग और नॉन-टीचिंग पद खाली हैं। उनका कहना है कि इससे युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी आप ने सरकार को घेरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के अनुसार राज्यों को 8 प्रतिशत बजट स्वास्थ्य पर खर्च करना चाहिए, लेकिन हरियाणा में 6.02 प्रतिशत प्रावधान का दावा किया गया है। ढांडा ने अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बड़े स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने एम्स रेवाड़ी परियोजना के अधूरे होने, गुरुग्राम सिविल अस्पताल की खराब स्थिति, रोहतक पीजीआई, खानुपर और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में संसाधनों की कमी का उल्लेख किया।
आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता बजट
अंत में अनुराग ढांडा ने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों के सहारे उपलब्धियां गिनाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह राज्य के लोगों के मुद्दों को उठाती रहेगी और बजट से जुड़े तथ्यों को जनता के सामने रखेगी।
