LIVEशहरों के ताज़ा समाचार, 23 जनवरी Highlight: कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न देने का ऐलान, पहले दिन रात 9 बजे तक हुए रामलला के दर्शन

शहरों के ताज़ा समाचार, 23 जनवरी Highlight: कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न देने का ऐलान, पहले दिन रात 9 बजे तक हुए रामलला के दर्शन
आज के शहर के समाचार (Aaj Ke Hindi Samachar) 23 जनवरी 2024 Highlight: रात 9 बजे तक होंगे रामलला के दर्शन। कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न। दिल्ली में 'आप' ने नए पदाधिकारियों की घोषणा की। गणतंत्र दिवस परेड के लिए 250 पैक्स के प्रमुख विशेष अतिथि आमंत्रित। भिवानी में बुजुर्ग से 36 लाख रुपये ठगने के मामले में आठ गिरफ्तार। शशि थरूर ने कहा प्रत्येक रामभक्त भाजपा का समर्थक नहीं। छत्तीसगढ़ में भगवान राम के नाम से नाता रखने वाली जगहों को पर्यटन स्थल में बदला जाएगा, भारी भीड़ को देखते हुए राम मंदिर की तरह जाने वाले रास्ते को पांच किमी पहले बंद कर दिया गया है, मुंबई में लोकल ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे के तीन कर्मचारियों की मौत। पटना के जिलाधिकारी ने शीतलहर के चलते छुट्टी को लेकर आदेश दिए थे, जिसे शिक्षा विभाग द्वारा रद्द कर दिया और स्कूलों को पुनः खोला गया। इनके अलावा राज्यों के प्रमुख समाचार ये हैं:
रात 9 बजे तक हुए रामलला के दर्शन
अयोध्या राम मंदिर में दर्शानार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। नियमानुसार 7 बजे मंदिर के कपाट बंद होने थे, लेकिन भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन रात 9 बजे तक होंगे। आखिरी जानकारी तक शाम 6 बजे तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किये हैं। हालांकि, अधिकारिक आंकड़ा अभी नहीं जारी हुआ है।
मस्जिद पर भगवा झंडा लगाने के तीन आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर जिले में एक मस्जिद पर भगवा झंडा लगाने के आरोप में तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के लालबाग चौडेरा में बनी एक मस्जिद पर लगे इस्लामी झंडे को सोमवार की रात गांव के ही तीन युवकों ने उतार दिया और उसकी जगह पर भगवा झंडा लगा दिया।
रात 9 बजे तक होंगे रामलला के दर्शन
अयोध्या राम मंदिर में दर्शानार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। नियमानुसार 7 बजे मंदिर के कपाट बंद होने थे, लेकिन भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन रात 9 बजे तक होंगे। आखिरी जानकारी तक शाम 6 बजे तक तीन लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किये हैं। हालांकि, अधिकारिक आंकड़ा अभी नहीं जारी हुआ है।
कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलेगा। उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न दिया जाएगा।सरकार ने यह घोषणा ऐसे समय की है जब बुधवार (24 जनवरी) को कर्पूरी ठाकुर की जयंती है।
दिल्ली में 'आप' ने नए पदाधिकारियों की घोषणा की
आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को दिल्ली के लिए अपने पदाधिकारियों की घोषणा की और अनिल पटोदिया को पार्टी का प्रदेश संयुक्त सचिव (मुख्य प्रकोष्ठ) नामित किया।
बिहार में स्कूल बंद मामले पटना के DM ने शिक्षा विभाग के पत्रों पर जताई आपत्ति
बिहार के शिक्षा विभाग द्वारा शीत लहर के मद्देनजर कई जिलों में विद्यालयों को बंद करने के फैसले पर सवाल उठाए जाने और भविष्य में ऐसे कदम उठाने से पहले विभाग से अनुमति लिए जाने के आदेश पर पटना जिला प्रशासन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे ‘‘नियमों के विपरीत और अप्रासंगिक’’ बताया है।
भिवानी में बुजुर्ग से 36 लाख रुपये ठगने के मामले में आठ गिरफ्तार
भिवानी शहर के सेक्टर-13 चौकी क्षेत्र में एक बुजुर्ग का अश्लील वीडियो बनाकर उससे करीब 36 लाख रुपये ठगने के मामले में राजस्थान से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जयपुर साहित्य महोत्सव में 550 से अधिक लेखक भाग लेंगे
जयपुर साहित्य महोत्सव (जेएलएफ) में 550 से अधिक लेखक भाग लेंगे। जेएलएफ की आयोजक टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि जयपुर साहित्य महोत्सव यहां एक फरवरी से पांच फरवरी तक आयोजित होगा। इसमें 16 भारतीय और आठ अंतरराष्ट्रीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले 550 से अधिक लेखक, वक्ता और कलाकार भाग लेंगे।
गढ़चिरौली जिले में नाव पलटने से महिला डूबी, पांच लापता
हाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार को वैनगंगा नदी में एक नाव पलट जाने से एक महिला डूब गई और पांच अन्य लापता हो गई।
शशि थरूर का BJP पर वार, बोले-प्रत्येक रामभक्त भाजपा का समर्थक नहीं
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य और सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को कहा कि प्रत्येक ‘रामभक्त’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थक नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि उन्हें या उनकी पार्टी को भगवान राम को भाजपा के भरोसे क्यों छोड़ देना चाहिए।
गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल के कारण मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित
गणतंत्र दिवस परेड के लिए ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण मंगलवार को मध्य दिल्ली में इंडिया गेट के पास सैंकड़ों यात्री घंटों जाम में फंसे रहे।
छत्तीसगढ़ में राम से जुड़े स्थान बनेंगे पर्यटन स्थल
छत्तीसगढ़ में भगवान राम के नाम से नाता रखने वाली जगहों को पर्यटन स्थल में बदला जाएगा। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने इस संबंध में ऐलान किया है। यह राज्य भगवान राम का ननिहाल है और यहां के लोग उन्हें भांजा मानते हैं।
इंदौर में पत्नी की हत्या के आरोपी ने की आत्महत्या
इंदौर की केंद्रीय जेल में पत्नी की हत्या के आरोपी ने जेल में खुदकुशी कर ली है। आत्महत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। आरोपी का शव केंद्रीय जेल की बैरक नंबर दो के बाथरूम में चादर से लटका हुआ मिला। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अयोध्या जाने वाली रोडवेज बसों पर रोक
राम मंदिर की तरह जाने वाले रास्ते को पांच किमी पहले बंद कर दिया गया है। अयोध्या जाने वाली सभी रोडवेज बसें भी रोक दी गई हैं। राम मंदिर में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यूपी रोडवेज के एमडी ने यह फैसला लिया है।
बिहार में हथियार के बल पर बैंक से 90 लाख की लूट
बिहार के अररिया जिले में लुटेरों ने हथियार के बल पर एक बैंक से 90 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने एडीबी चौक स्थित एक्सिस बैंक को अपना निशाना बनाया। यहां छह हथियारबंद लुटेरों ने आकर 90 लाख रुपये से अधिक रकम लूट ली।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में कई इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। अनेक जगह घना कोहरा छाया रहा और अलवर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
मुंबई में लोकल ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे के तीन कर्मचारियों की मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई के पास एक लोकल ट्रेन की चपेट में आने से पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) के तीन कर्मचरियों की मौत हो गई। रेलवे कर्मचारी सिग्नल से संबधित समस्या ठीक कर रहे थे।
ओडिशा में राम और सीता पर रखे गए नवजात के नाम
ओडिशा के केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिले में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन कई बच्चों का जन्म हुआ। जिनमें से कुछ बच्चों के माता-पिता ने उनका नाम राम और सीता के नाम पर रखा है।
बिहार में स्कूलों की छुट्टी को कैंसल करने के आदेश जारी
बिहार में जिलाधिकारी द्वारा शीतलहर को देखते हुए वर्ग-8 तक छात्रों के लिए अवकाश की घोषणा की गई थी। शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव के साथ जिलाधिकारी की खींचतान के बाद स्कूलों के अवकाश के निर्देशों को रद्द करते हुए उन्हें पुनः खोलने के आदेश दिया।
Jalandhar: बाइक को मारी कार ने टक्कर, आग लगने से दो युवकों की मौत
जालंधर नेशनल हाईवे के पास एक मर्सिडीज गाड़ी ने एक बाइक को पहले टक्कर मारी और उसे कई मीटर तक घसीटा। इस दौरान बाइक में आग लग गई, जिसमें दो युवको की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।