LIVEशहरों के ताज़ा समाचार, 17 नवंबर 2023 LIVE: बस्ती में महिला नायब तहसीलदार से दुष्कर्म का प्रयास, चाईबासा में IED ब्लास्ट में एक CRPF जवान की मौत

शहरों के ताज़ा समाचार, 17 नवंबर 2023 LIVE: बस्ती में महिला नायब तहसीलदार से दुष्कर्म का प्रयास, चाईबासा में IED ब्लास्ट में एक CRPF जवान की मौत
आज के शहर के ताजा समाचार (Aaj Ki Taaja Hindi Samachar) 17 नवंबर 2023 LIVE: बस्ती में महिला नायब तहसीलदार से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। झारखंड के चाईबासा में IED ब्लास्ट में एक CRPF जवान की मौत हो गई तो वहीं, लखनऊ में बंद कमरे में एक युवती का मिला शव मिला है। बिहार के मुंगेर में 27 दारोगा एक साथ सस्पेंड कर दिए गए। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। वहीं, नैनीताल सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई तो बाराबंकी रोड एक्सीडेंट में भी दो महिलाओं की मौत हो गई। असम में 11 करोड़ की हेरोइन के साथ 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वाराणसी के ज्ञानवापी सर्वेक्षण में ASI ने 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने का समय मांगा है। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों को मार गिराया है। इनके अलावा राज्यों के प्रमुख समाचार ये हैं :
बस्ती में महिला नायब तहसीलदार से दुष्कर्म का प्रयास
उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के सदर तहसील परिसर पर तैनात एक महिला नायब तहसीलदार ने अपने समकक्ष नायब तहसीलदार दुष्कर्म करने का प्रयास करने आरोप लगाया है। इतना ही नहीं आरोपी ने हत्या का प्रयास किया।
दिल्ली वक्फ बोर्ड भर्ती में तीन आरोपी हिरासत में
दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली वक्फ बोर्ड भर्ती में कथित अनियमितताओं से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार तीन लोगों को शुक्रवार को एक दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्लाह खान भी शामिल हैं।
बहराइच में युवती से दुष्कर्म
उत्तर प्रदेश के बहराइच कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में ननिहाल से घर जा रही अकेली युवती को एक ई रिक्शा चालक ने धोखे से अपने घर ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
चाईबासा में IED ब्लास्ट में एक CRPF जवान की मौत
झारखंड के चाईबासा में IED ब्लास्ट में एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। एसपी चाईबासा ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए रांची भेजा गया है
लखनऊ में बंद कमरे में युवती का मिला शव
लखनऊ में शुक्रवार की शाम बंद कमरे में 23 वर्षीय युवती का शव मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को निकाला।
हरियाणा सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटका
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा के स्थानीय लोगों को प्राइवेट सेक्टर में 75% आरक्षण देने से जुड़े प्रावधान को खारिज कर दिया है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य स्थानीय उम्मीदवारों के रोजगार अधिनियम-2020 को असंवैधानिक ठहरा दिया। हाईकोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा कि राज्य सरकार का ये एक्ट अत्यंत खतरनाक और संविधान के भाग-3 का उल्लंघन हैं।
MP में वोटिंग के दौरान जमकर हिंसा
मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर हुए मतदान के दौरान कई जगह हिंसा की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान इंदौर और मुरैना में पथराव हुआ। वहीं, महू में तलवारबाजी की घटना सामने आई तो कई जगह गोलीबारी की भी की गई। इन घटनाओं में कई लोग घायल हो गए।
हरियाणा के नूंह में फिर भड़का तनाव, बाजार बंद
हरियाणा के नूंह जिले में एक बार फिर से सांप्रदायिक तनाव देखने को मिल रहा है। नूंह में कुआं पूजन के लिए जा रही हिंदू समुदाय की महिलाओं पर मस्जिद के पास पथराव होने के बाद हंगामा हो गया है, जिसमें कई महिलाएं घायल हैं। इस घटना के बाद जिले के कई बाजार बंद हैं।
मुंगेर में 27 दारोगा एक साथ सस्पेंड
बिहार के मुंगेर में 27 दारोगा एक साथ सस्पेंड कर दिए गए। सस्पेंड होने वाले ये सभी दारोगा 2020 बैच के हैं। एक साथ हुई इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
पवन मुंजाल के खिलाफ कार्यवाही पर रोक
दिल्ली उच्च न्यायालय ने धन शोधन के एक मामले में हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन कांत मुंजाल के खिलाफ कार्यवाही पर रोक लगा दी है। इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा रही है।
राजौरी में मुठभेड़ में मारा गया एक आतंकवादी
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया।
बाराबंकी एक्सीडेंट में दो महिलाओं की मौत
यूपी के बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में एक तेज गति वाले ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई और सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुंछ में घरेलू गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में लगी आग
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में शुक्रवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब घरेलू गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक में आग लग गई और दमकलकर्मियों ने समय रहते इस पर काबू पा लिया।
असम में 11 करोड़ की हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार
असम की राजधानी दिसपुर में दो अलग-अलग अभियानों में चार व्यक्तियों के पास से 11 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
ज्ञानवापी सर्वेक्षण में ASI ने 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने का समय मांगा
भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआई) ने वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट सौंपने के लिए अदालत से शुक्रवार को 15 दिन का और समय देने की मांग की।दो नवंबर को वाराणसी की अदालत ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वे की रिपोर्ट सौंपने के लिए 17 नवंबर तक का समय दिया था।
सहारनपुर में सेल्फी लेते समय युवक की पुल से गिरकर मौत
सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र में सेल्फी लेते समय 24 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पुल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि जिले के चिलकाना थानाक्षेत्र के औरंगजेबपुर गांव का 24 वर्षीय मुजीम मुबारिकपुर में अपने मामा की बेटियों की शादी में शामिल होने आया था।
मुंबई की बहुमंजिला इमारत में लगी आग
दक्षिण मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में एक आवासीय इमारत की आठवीं और 12वीं मंजिल पर शुक्रवार सुबह आग लग गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने इमारत की 15वीं, 21वीं और 22वीं मंजिल पर रहने वाले कई लोगों को बचाया और उन्हें सीढ़ियों के रास्ते छत पर सुरक्षित पहुंचा दिया है।
ओडिशा सड़क दुर्घटना में तीन की मौत
ओडिशा के अंगुल जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। यह दुर्घटना गुरुवार रात किशोर नगर के पास बरगापाली में हुई। बस का टायर फटने के कारण पीड़ित उससे उतरकर सड़क पर खड़े थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया । ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दिल्ली में छठ के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी
दिल्ली सरकार ने छठ पर्व के अवसर पर रविवार को ‘शुष्क दिवस’ घोषित किया है और शहर में शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है। आबकारी विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक आदेश में कहा गया कि रविवार को सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के दिन शुष्क दिवस घोषित किया गया है। ऐसे में शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकवादियों को किया ढेर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रात भर चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “मारे गए आतंकवादियों के शव बरामद किए जा रहे हैं और इलाके की छानबीन की जा रही है। ड्रोन के जरिए पांच शव देखे गए हैं।