LIVE

दिल्ली-NCR में बारिश, कश्मीर में गिरेगी बर्फ, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Pooja KumariUpdated Jan 11, 2025, 21:19 IST

दिल्ली-NCR में बारिश, कश्मीर में गिरेगी बर्फ, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में बारिश, कश्मीर में गिरेगी बर्फ, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

आज दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के साथ ही यूपी में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही मेघगर्जन की भी संभावना है। राजस्थान में भी एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश के आसार हैं। वहीं पहाड़ों में आज बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। अन्य राज्यों में आज मौसम का हाल इस प्रकार है:

JAN 11, 2025 21:19 IST

जम्मू कश्मीर में 2024 पांच दशकों का सबसे सूखा वर्ष रहा

जम्मू कश्मीर में 2024 पांच दशकों का सबसे सूखा वर्ष रहा, क्योंकि लगातार पांचवें वर्ष सामान्य से कम वर्षा हुई और वार्षिक औसत बारिश 1232.3 मिलीमीटर की तुलना में 29 प्रतिशत की कमी आई। मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने यहां कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में 2024 में पांच दशकों का सबसे सूखा वर्ष रहा। वार्षिक औसत वर्षा 1232.3 मिमी के मुकाबले महज 870.9 बारिश हुई जो 29 प्रतिशत कम है।’’
JAN 11, 2025 21:14 IST

दिल्ली में हल्की बारिश, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम को हल्की बारिश हुई और शहर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
JAN 11, 2025 14:45 IST

रविवार को राजस्थान के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश

जयपुर मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, कल यानी रविवार, 12 जनवरी को राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर नागौर, चूरू, सीकर, झुंझुंनू, जयपुर, अजमेर, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर और धौलपुर में बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टी हो सकती है।
JAN 11, 2025 13:15 IST

नोएडा-गाजियाबाद में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यूपी के नोएडा-गाजियाबाद जिले में बारिश की संभावना जताई थी। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, दोपहर बाद इन दोनों जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
JAN 11, 2025 13:14 IST

गुलमर्ग में हुई ताजा बर्फबारी का सफेद चादर से ढका इलाका।

JAN 11, 2025 10:54 IST

दिल्ली में आज सुबह छाया घना कोहरा

दिल्ली में शनिवार सुबह घना कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता कम हो गई जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण 45 ट्रेन विलंबित हुईं। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग में रात साढ़े 12 बजे से देर रात डेढ़ बजे तक न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर रही, जो उसके बाद सुधर कर 200 मीटर हो गई तथा सुबह साढ़े सात बजे तक भी दृश्यता 200 मीटर रही। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य है।
JAN 11, 2025 10:16 IST

जम्मू और कश्मीर: तापमान में गिरावट से डल झील पर जमी बर्फ

JAN 11, 2025 09:28 IST

हिमाचल में आज बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के मौसम में आज बदलाव होने वाला है। एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 और 12 जनवरी को प्रदेश के निचले पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्य बारिश होने के आसार हैं। इस अवधि में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है।
JAN 11, 2025 08:23 IST

ओडिशा के ढेंकनाल में ठंड से बचने के लिए आग सेंकते लोग

JAN 11, 2025 07:39 IST

दिल्ली में घने कोहरे के कारण कुछ जगहों पर विजिबिलिटी जीरो

JAN 11, 2025 05:57 IST

कश्मीर में आज बर्फबारी के आसार


कश्मीर घाटी में शुक्रवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा, जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शनिवार से विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ ​​रहा और दिन में तेज धूप निकली, जिससे रात के तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.4 डिग्री नीचे से थोड़ा अधिक है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 9.6 डिग्री तापमान से अधिक है।
JAN 11, 2025 05:56 IST

राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना


मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11 जनवरी को राज्य में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है। 11 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। राज्य में 12 जनवरी से फिर मौसम शुष्क रहने तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।
JAN 11, 2025 05:56 IST

पंजाब और हरियाणा में जारी ठंड का सितम


पंजाब और हरियाणा में सर्दी का सितम जारी है। दोनों राज्यों के कई इलाकों में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी घट गई। पंजाब का फाजिल्का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम, 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
JAN 11, 2025 05:56 IST

यूपी में आज बारिश की चेतावनी जारी


उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों के लिए कोहरे और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। जिसके बाद 2 - 3 डिग्री सेल्सियस तक की कीम आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। हालांकि उसके बाद अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे तापमान लुढ़क सकता है।
JAN 11, 2025 05:56 IST

दिल्ली में आज गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट


दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता शून्य हो गई, जिससे हवाई और रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 100 से अधिक उड़ानें विलंबित हैं और 26 ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि भारतीय समयानुसार तड़के साढ़े चार बजे से काफी देर तक पालम में दृश्यता शून्य रही। मौसम विभाग ने सप्ताहांत में गरज के साथ हल्की बारिश और बादल छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 15 और आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।