LIVE
पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, यूपी-राजस्थान समेत इन राज्यों में शीतलहर शुरू
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी यूपी में कड़ाके की ठंड का असर दिखने लगा है। आज पश्चिमी यूपी, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीतलहर चलने का अलर्ट है। वहीं दक्षिण भारत में बुधवार को तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 13 दिसंबर तक यह सिलसिला जारी रहेगा। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
DEC 11, 2024 16:25 IST
कश्मीर घाटी में बारिश की संभावना
कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने छिटपुट स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने से श्रीनगर समेत पूरी घाटी में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है।
DEC 11, 2024 15:27 IST
राजस्थान के सीकर में 1.5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
राजस्थान में सर्दी ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है जहां बीते चौबीस घंटे में एक दो स्थानों पर अति शीतलहर व कई जगह शीत लहर दर्ज की गई। इसके अनुसार इस दौरान मैदानी भागों में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
DEC 11, 2024 15:11 IST
उत्तराखंड के 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी से पूरे प्रदेश में सर्दी का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिनमें चमौली, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नौनीताल और पिथौरागढ़ शामिल हैं। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
DEC 11, 2024 13:13 IST
उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से कड़ाके की सर्दी
उत्तराखंड का में सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। बारिश और बर्फबारी से पूरे प्रदेश में ठंड का कहर बरसने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
DEC 11, 2024 11:24 IST
बिहार में पछुआ हवा बढ़ा रही ठंड
बिहार में पछुआ हवाओं के चलते ठंड में बढ़ोत्तरी हो रही है। मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान डेहरी में 9.6 दर्ज किया गया। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान मोतिहारी और गोपालगंज में 28 डिग्री रहा। आज कई जिलों में घना कोहरा भी देखने को मिला।
DEC 11, 2024 09:34 IST
DEC 11, 2024 07:28 IST
DEC 11, 2024 07:27 IST
DEC 11, 2024 07:24 IST
बुलंदशहर में 6 डिग्री तक लुढ़का पारा
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को सबसे कम तापमान बुलंदशहर में रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के अंदर ही रहा। वहीं सबसे अधिक तापमान उरई में रिकॉर्ड हुआ। जहां का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रहा।
DEC 11, 2024 06:06 IST
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आज तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 दिसबंर को भी दक्षिण भारत में ऐसा ही मौसम रहने वाला है। इस दिन तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं कोस्टल आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट है।
DEC 11, 2024 06:05 IST
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी
पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश में मौसम की पहली बर्फबारी होने से कई रास्ते बंद हो गए। वहीं जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में भी बर्फबारी देखी गई। आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला रहने की संभावना है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों की ठंड भी बढ़ेगी।
DEC 11, 2024 06:05 IST
यूपी की इन जगहों पर आज शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यूपी के पूर्वी हिस्से में देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा होने की चेतावनी जारी की है। साथ ही पश्चिमी यूपी में भी कहीं कहीं शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर, बरेली, मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, महाराजगंज, हरदोई और आसपास के इलाकों में आज घना कोहरा छाया रह सकता है।
DEC 11, 2024 06:05 IST
DEC 11, 2024 06:04 IST
दिल्ली एनसीआर में सर्द हवाएं शुरू
दिल्ली में ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आज फरीदाबाद और गुरुग्राम में शीतलहर का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
