LIVE

दिल्ली से बिहार तक ठंड का कहर, शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

Devshanker ChovdharyUpdated Jan 10, 2025, 21:48 IST

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। इस साल की सर्दी ने लोगों को बेहद परेशान कर रखा है। कई राज्यों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। शीतलहर की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान जैसे कई राज्य इस भीषण सर्दी की चपेट में हैं। इन राज्यों में लोगों को ठंड से बचने के लिए कई तरह की मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। घने कोहरे और बर्फबारी की वजह से सड़कों और रेलवे लाइनों पर यातायात बाधित हो रहा है। किसानों की फसलों को भी सर्दी से काफी नुकसान हो रहा है। सर्दी से जुड़ी बीमारियां जैसे सर्दी, खांसी और बुखार आम हो गए हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। स्कूल और कॉलेज भी बंद हो रहे हैं। जानें अपने शहर के मौसम का हाल...।

दिल्ली से बिहार तक ठंड का कहर, शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
दिल्ली से बिहार तक ठंड का कहर, शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। इस साल की सर्दी ने लोगों को बेहद परेशान कर रखा है। कई राज्यों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। शीतलहर की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान जैसे कई राज्य इस भीषण सर्दी की चपेट में हैं। इन राज्यों में लोगों को ठंड से बचने के लिए कई तरह की मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। घने कोहरे और बर्फबारी की वजह से सड़कों और रेलवे लाइनों पर यातायात बाधित हो रहा है। किसानों की फसलों को भी सर्दी से काफी नुकसान हो रहा है। सर्दी से जुड़ी बीमारियां जैसे सर्दी, खांसी और बुखार आम हो गए हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। स्कूल और कॉलेज भी बंद हो रहे हैं। जानें अपने शहर के मौसम का हाल...।

JAN 10, 2025 21:48 IST

शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 जनवरी को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। यातायात पर भी असर पड़ सकता है।
JAN 10, 2025 17:42 IST

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.4 डिग्री नीचे से थोड़ा अधिक है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 9.6 डिग्री तापमान से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 10.4 डिग्री नीचे था। पहलगाम घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
JAN 10, 2025 17:41 IST

कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी, वीकेंड में हल्की बर्फबारी की संभावना

कश्मीर घाटी में शुक्रवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि आसमान साफ ​​रहने के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ ​​रहा तथा दिन में तेज धूप निकली, जिससे रात के तापमान में गिरावट आई है।
JAN 10, 2025 17:40 IST

हापुड़ में कोहरे के कारण दिल्ली हाईवे पर सात वाहनों की टक्कर, तीन घायल

हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना इलाके में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण दिल्ली हाईवे पर करीब सात वाहनों की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हापुड़ के बाबूगढ़ इलाके में मुरादाबाद से दिल्ली जा रही एक कार ने अपने आगे चल रही एक अन्य कार को टक्कर मार दी, जिससे कार चालक इमरान और उसकी पत्नी हिना घायल हो गए।
JAN 10, 2025 14:26 IST

दिल्ली में वीकेंड पर होगी बारिश

आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में दो दिन यानी 11 और 12 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बार वीकेंड पर राजधानी दिल्ली में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद शहर के तापमान में कमी आएगी और ठंड के स्तर में वृद्धि होगी।
JAN 10, 2025 13:55 IST

गाजियाबाद में कल होगी बारिश

गाजियाबाद में आज और कल मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में कल बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद में कल शनिवार को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
JAN 10, 2025 12:16 IST

दिल्ली में दो दिन तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने राजधानी में दो दिन तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सुबह के समय कोहरा इतना घना होगा की विजिबिलिटी जीरो के बराबर बनी रहेगी। कोहरे के कारण सड़क से लेकर हवाई यातायात भी प्रभावित है।
JAN 10, 2025 10:30 IST

श्रीनगर में ठंड का कहर, जम गई डल झील

JAN 10, 2025 09:28 IST

उत्तर भारत में घना कोहरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में मध्यम से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। सेंट्रल कंट्रोल बोर्ड की वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 6 बजे के करीब 408 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया।
JAN 10, 2025 08:40 IST

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

JAN 10, 2025 07:26 IST

दिल्ली एनसीआर मे कोहरे का कहर

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस वक्त ठिठुरन वाली सर्दी पड़ रही है। इस कड़ाके की सर्दी की वजह से चारों तरफ सिर्फ कोहरा ही कोहरा दिखाई पड़ रहा है। यानी कि सड़कों पर दृश्यता काफी कम देखी जा रही है। ऐसे में लोगों के लिए वाहन चलाना एक कठिनाई का सबब बना हुआ है। लोग अपनी गाड़ियों की पार्किंग लाइट और हेडलाइट को जलाकर दिन में भी सफर कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले वक्त में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
JAN 10, 2025 06:31 IST

राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और चूरू जैसे शहरों में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई जगह बारिश होने का अनुमान जताया है।
JAN 10, 2025 06:31 IST

झारखंड में विमानों पर ठंड का असर

झारखंड में भीषण सर्दी और कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। रांची एयरपोर्ट पर उड़ानें लेट हो रही हैं। लोहारदगा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा है।
JAN 10, 2025 06:30 IST

पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम

पंजाब और हरियाणा में भी घना कोहरा छाया हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अमृतसर, पटियाला और लुधियाना जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
JAN 10, 2025 06:30 IST

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड

मध्य प्रदेश में शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में कड़ाके की सर्दी है। पंचमढ़ी में शीतलहर से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान किया है।
JAN 10, 2025 06:29 IST

यूपी में कैसा रहेगा आज का मौसम

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है और तापमान लगातार गिर रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। आगरा में तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है।