LIVE
दिल्ली-नोएडा में हीटवेव का अलर्ट, राजस्थान में आसमान से बरस रही आग, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली, यूपी और राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। यहां अधिकतम तापमान 40 के पार दर्ज किया जा रहा है। तापमान बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस बीच बिहार के 6 जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत में गर्मी और बढ़ेगी। यहां लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से का सामना करना पड़ेगा।
मैदानी इलाकों के साथ अब पहाड़ी इलाकों में भी मौसम की चाल बदलने लगी है। दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद समेत यूपी के कई जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में भी गर्मी के तेवर देखने को मिल रहे हैं। यहां तापमान बढ़ने के साथ हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। उत्तर भारत के साथ दक्षिण भारत में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जिलों में गर्मी दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देशभर में बढ़ती गर्मी को देख मौसम विभाग ने लोगों को स्वास्थ्य का खास ख्याल रखने और धूप में कम से कम बाहर निकलने की सलाह दी है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
APR 07, 2025 18:41 IST
दिल्ली-एनसीआर में पड़ेंगे लू के थपेड़े
दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल के महीने में ही मई, जून जैसी गर्मी का आभास लोगों को होने लगा है और यही वजह है कि अप्रैल के पहले हफ्ते में ही पारा 41 डिग्री के पार जाने को तैयार है। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी कर रखा है और बताया जा रहा है कि दिल्ली एनसीआर में लोगों का सामना चार से पांच दिनों तक लगातार हीट वेव से होगा। अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली समेत गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, मथुरा और आगरा तक इस हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। आने वाले इस सप्ताह में अधिकतम पारे में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। लू के थपेड़े से एनसीआर के लोगों का सामना होगा।
APR 07, 2025 16:54 IST
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
आज देश के कई हिस्सों में हीटवेव का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। सौराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई हैं। वहीं सौराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी एमपी में गर्म रात का अलर्ट है।
APR 07, 2025 11:49 IST
उत्तराखंड में मौसम का हाल
उत्तराखंड में मौसम की चाल बदलने लगी है। यहां तेज धूप खिल रही है। साथ ही तापमान भी बढ़ने लगा है। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान बढ़कर 36 डिग्री पहुंच गया है। बता दें कि यहां तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
APR 07, 2025 11:15 IST
गुरुग्राम और फरीदाबाद मे हीटवेव का अलर्ट
हरियाणा में भी मौसम बदलने लगा है। यहां गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि तीन दिन तक इन दोनों शहरों मे लू चलेगी। तेज धूप और लू से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
APR 07, 2025 09:26 IST
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ और हाथरस में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
APR 07, 2025 07:17 IST
राजस्थान में भीषण गर्मी
राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। यहां चिलचिलाती धूप के साथ लू चल रही है। तापमान तेजी के साथ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को कम से कम घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। जानकारी के लिए बता दें कि राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40-42 से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
APR 07, 2025 07:17 IST
बिहार के इन 6 जिलों में होगी बारिश
जहां उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। वहीं बिहार के 6 जिलों में मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
APR 07, 2025 07:16 IST
महाराष्ट्र के इन जिलों में गर्म दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जिलों में आज गर्म दिन होने का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पालघर, ठाणे, रायगड, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग शामिल है। यहां आज तापमान अधिक रहेगा। बता दें कि बीते दिनों में इन जिलों में बारिश दर्ज की गई थी।
APR 07, 2025 07:16 IST
नोएडा में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे नोएडा में आज हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज से तीन दिन तक शहर में तेज गर्म हवाएं चलेंगी। लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय कम से कम बाहर निकलने की सलाह दी है।
APR 07, 2025 07:16 IST
आग की भट्टी बनी दिल्ली
दिल्ली में आसमान से आग बरस रही है। यहां भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तेज धूप और गर्मी के साथ हीटवेव की स्थिति भी बनी हुई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
