Third Party Insurance Impact :अगर आप कार, बाइक या कोई भी ऐसा वाहन चलाते हैं, जिसके लिए इंश्योरेंस जरूरी है और थर्ड पार्टी इंश्योरेंस महज एक कानूनी औपचारिकता मानकर नजरअंदाज कर रहे हैं, तो बहुत बड़ा जोखिम ले रहे हैं। यह ऐसी गलती है, जिसकी कीमत आपके पूरे परिवार को चुकानी पड़ सकती है। क्योंकि, वाहनों का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस ऐसा सुरक्षा कवच है, जो आपको किसी सड़क हादसे के बाद लाखों रुपये के मुआवजे के बोझ से बचा सकता है। अगर आपकी गाड़ी से किसी दूसरे व्यक्ति को चोट लगती है, उसकी मौत हो जाती है या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो थर्ड पार्टी इंश्योरेंस ऐसे मामलों में आर्थिक सुरक्षा देता है।
थर्ड पार्टी इश्योरेंस के बिना वाहन चलाना गैर कानूनी होता है।
क्या है कानूनी स्थिति?
भारत में सड़क पर चलने वाले हर मोटर वाहन के लिए कम से कम थर्ड पार्टी मोटर इंश्योरेंस होना कानूनन जरूरी है। इसके बिना वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। अगर आपके वाहन का थर्ड पार्टी इश्योरेंस नहीं है और दुर्घटना हो जाती है, तो पीड़ित पक्ष को दी जाने वाली आर्थिक सहायता का पूरा आर्थिक बोझ वाहन मालिक पर आ सकता है।
क्यों जरूरी है थर्ड पार्टी इंश्योरेंस?
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सड़क हादसे में पीड़ित व्यक्ति को समय पर मुआवजा मिल सके। अगर आपकी गाड़ी से किसी व्यक्ति को चोट पहुंचती है, या उसकी मृत्यु हो जाती है। या फिर किसी की संपत्ति को नुकसान होता है, तो पीड़ित मुआवजे का दावा कर सकता है। ऐसे मामलों में बीमा कंपनी तय शर्तों के अनुसार मुआवजा देती है। लेकिन, यदि वाहन का बीमा नहीं है, तो यह पूरी जिम्मेदारी वाहन मालिक की बन जाती है।
बिना इंश्योरेंस कितना बड़ा हो सकता है नुकसान?
कई बार मामूली दिखने वाला सड़क हादसा भी बड़े मुआवजे में बदल सकता है। गंभीर चोट या मौत के मामलों में अदालत लाखों रुपये का मुआवजा तय कर सकती है। यदि वाहन का थर्ड पार्टी बीमा नहीं है, तो यह रकम वाहन मालिक को अपनी जेब से चुकानी पड़ सकती है। यही वजह है कि एक छोटी सी लापरवाही लंबे समय तक आर्थिक परेशानी का कारण बन सकती है।
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस से क्या फायदा मिलता है?
भले ही आप सावधानी से वाहन चलाते हों, लेकिन सड़क पर हर स्थिति आपके नियंत्रण में नहीं होती। खराब सड़क, दूसरे वाहन चालक की गलती या अचानक सामने आए खतरे के कारण दुर्घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति में थर्ड पार्टी इंश्योरेंस आपकी ओर से दूसरे व्यक्ति के नुकसान, चोट, मृत्यु या संपत्ति के नुकसान से जुड़े दावों का आर्थिक बोझ उठाने में मदद करता है। इससे आपको एकमुश्त बड़ी रकम देने की नौबत नहीं आती।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढे़ : 1 साल में 300% का बंपर रिटर्न! शेयर में आज भी आया 8% उछाल
