प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल यानी 17 सितंबर को जन्मदिन है। वे कल 75 वर्ष के हो जाएंगे। वे साल 2014 से अबतक देश का लगातार नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले वे लंबे समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और वहां भी विकास का नया अध्याय लिखा। केंद्र में आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गरीब, वंचित, पिछड़े और शोषित वर्ग की बेहतरी के लिए कई स्कीम शुरू की गईं, जिनका असर देश की बड़ी आबादी पर दिखाई दे रहा है। देश में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। खासकर महिलाओं, किसानों, कामगारों, युवाओं और गरीब वर्ग को मोदी सरकार की कई योजनाओं से सीधा फायदा मिला है। आज देश की बड़ी आबादी आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से अधिक सशक्त हुई है। मोदी सरकार की कई पहलें देश की तरक्की में गेमचेंजर साबित हुईं हैं और भारत आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ा रहा है। तो आइए जानते हैं मोदी सरकार की 5 ऐसी प्रमुख योजनाओं के बारे में, जिन्होंने हिंदुस्तान की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
महिलाओं के लिए उज्जवला स्कीम
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार महिलाओं की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से उन्होंने उज्जवला स्कीम की शुरुआत की थी। इस स्कीम के तहत देश के गरीब परिवार की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जाता है। इस पहल से गांवों में रहने वाले गरीब महिलाओं को लकड़ी और कोयले के धुएं से राहत मिली। अबतक लगभग 10.27 करोड़ से अधिक परिवार PM Ujjwala योजना से जुड़े गए हैं। इतना ही नहीं, इस स्कीम के तहत एक साल में 14.2 किलो वाले 9 एलपीजी सिलेंडर पर 300 रुपए प्रति रिफिल की सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाती है।
किसानों के लिए PM-KISAN स्कीम
मोदी सरकार की दूसरी योजना की बात करें तो पीएम किसान का नाम जेहन में आता है। इस स्कीम ने देशभर करोड़ों किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया है। इस स्कीम के तहत सरकार देश के छोटे किसानों को हर साल 6000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजती है। हर 4 महीने पर किसानों के खाते में 2000 रुपये की किस्त सरकार जमा करती है।
आयुष्मान योजना से महंगे इलाज से मुक्ति
ईलाज का खर्च तेजी से बढ़ने और इसका सबसे बुरा असर गरीब जनता पर पड़ता देख, मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत स्कीम लॉन्च की। इस स्कीम में 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाती है। इस स्कीम के तहत गंभीर बीमारियों के इलाज, सर्जरी, मेडिकल टेस्ट और दवाइयों पर किया जा सकता है। इस योजना का लाभ प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों दोनों में लिया जा सकता है। वहीं, 70 साल से ज्यादा उम्र के सीनियर सिटीजन, चाहें वो किसी भी कैटोगेरी के हो, इस स्कीम के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लोन मिलना आसान हुआ
देश के लाखों रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार करने वालों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना 2015 में शुरू की गई थी। इसमें छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी के 20 लाख तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे निर्माण, व्यापार, सेवाएं और कृषि जैसे कार्यों को आसानी से कर सकें। साथ ही वो प्राइवेट साहूकारों के चंगुल में जाने से भी बचें। यह योजना 'शिशु', 'किशोर' और 'तरुण' नामक तीन श्रेणियों में ऋण प्रदान करती है, जो व्यवसाय की वृद्धि के चरणों पर आधारित होती है। ये ऋण वाणिज्यिक बैंक, सूक्ष्म वित्त संस्थान (MFI) और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFC) जैसे वित्तीय संस्थानों के माध्यम से दिए जाते हैं।
पीएम आवास योजना से मिला पक्का छत
देश में गरीब लोगों को भी पक्का छत मुहैया कराने के लिए पीएम आवास योजना की शुरुआत की गई थी। इस स्कीम का लाभ उन्हें दिया जाता है, जिनके पास अभी पक्का मकान नहीं है, या जो कच्चे मकान में रह रहे हैं। इस स्कीम ने अभी तक देश के लाखों परिवार को पक्के घर का सपना साकार किया है। इस योजना के दो हिस्से- शहरी और ग्रामीण हैं। अब तक कुल 4 करोड़ से अधिक घर बनाए जा चुके हैं।
