TCS Salary Hike: देश की दिग्गज आईटी फर्म TCS बीते कुछ दिनों से छंटनी को लेकर चर्चा में बनी हुई है, लेकिन हाल ही में कंपनी के फैसले की वजह से कई कर्मचारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। दरअसल, देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) ने एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने बताया है कि वह जूनियर से मिड लेवल तक के करीब 80% कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने जा रही है। यह सैलरी हाइक 1 सितंबर 2025 से लागू होगी। यह जानकारी कंपनी के HR हेड मिलिंद लक्कड़ और नए CHRO के. सुदीप ने एक इंटरनल ईमेल के जरिए दी।
TCS (Pic Credit: Canva)
12000 लोगों की जाएगी नौकरी
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक सैलरी हाइक का ये फैसला ऐसे वक्त में आया है जब TCS ने हाल ही में 12,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने का निर्णय लिया है। कंपनी का कहना है कि यह कदम भविष्य की जरूरतों के अनुसार कंपनी को तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। TCS अब AI, नई तकनीकों और ग्लोबल मार्केट में विस्तार पर ध्यान दे रही है। इसके चलते वह अपने कार्यबल को दोबारा व्यवस्थित कर रही है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
भारत की टॉप आईटी सर्विस कंपनियों ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में सिर्फ सिंगल डिजिट यानी कम रफ्तार से ही रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है। यह दिखाता है कि जून तिमाही का प्रदर्शन थोड़ी निराशा लेकर आया।TCS ने गुरुवार, 10 जुलाई को अपनी पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने इस तिमाही में 12,760 करोड़ रुपये का मुनाफा (Net Profit) कमाया। यह मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही के 12,040 करोड़ रुपये से करीब 6% ज्यादा है।
अगर हम पिछली तिमाही यानी मार्च 2025 से तुलना करें, तो TCS का मुनाफा उस समय 12,224 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 4.38% की बढ़त के साथ 12,760 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
