Air India Logo The Vista: एयर इंडिया का मालिकाना हक टाटा के पास बहुत लंबे समय बाद आया है और अब कंपनी इसमें बदलाव करना शुरू कर चुकी है। टाटा ने एयर इंडिया का लोगो बदल दिया है, यानी अब आपको महाराजा का लोगो सिर्फ बिजनेस क्लास और लाउंज में नजर आएगा। लोगो के अलावा पूरी तरह नया कस्टमर केयर सेंटर, नया मोबाइल ऐप, बदला हुआ केबिन, केबिन क्रू और कई बदलाव होंगे। कंपनी इस प्रोजेक्ट पर अब तक 3,300 करोड़ रुपये से भी ज्यादा निवेश कर चुकी है। जल्द ही देश के पहले एयरबस ए350 चौड़ी बॉडी वाले विमान भारत लाए जाएंगे।
कुछ दिनों में काया पलट
कुछ देर पहले शुरू हुए लाइव ब्रांडिंग में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और एयर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने प्लेन में दिखने वाले बदलावों की जानकारी दी। एयर इंडिया के नए लोगो का नाम दी विस्टा है और इसमें अभी कुछ ही चीजें बदली हैं, लेकिन आने वाले कुछ ही दियों में एयर इंडिया का काया पलट होते हुए आप खुद देखेंगे। बताया गया है कि 2025 तक एयर इंडिया के सभी जहाजों में बदलाव का काम पूरा कर लिया जाएगा।
470 नए विमान शामिल होंगे
कंपनी ने जानकारी दी है कि बहुत जल्द एयर इंडिया की पहुंच और ताकत बढ़ाने के लिए 470 बोईंग विमान भारत आने वाले हैं। इनमें से चौड़ी बॉडी वाले 43 एयरक्राफ्ट जल्द ही एयर इंडिया में शामिल किए जाएंगे। बता दें कि एयर इंडिया ने अब तक 5,000 नए कर्मचारियों की भर्ती कर ली है जिनमें 3,200 केबिन क्रू और 1,000 कॉकपिट क्रू शामिल हैं। वर्ल्ड क्लास एयरलाइन बनने की चाह रखने वाली एयर इंडिया विहान.एआई रोडमैप के लिए 5 साल बड़े बदलावों की गवाह बनने वाली है।
