पैसा हमेशा लंबी अवधि और अनुशासित निवेश से बनता है। आज हम आपको ऐसे ही एक कमाल का उदाहरण दे रहे हैं। हम आपको बता रहे हैं कि कैसे सिर्फ 500 रुपये से शुरूआत कर आप 12 लाख रुपये से अधिक जमा कर सकते हैं। यह कमाल आप Step-Up SIP से कर सकते हैं। आपको इस स्टोरी में हम बताएंगे कि सिप से कैसे अलग होता है स्टेप-Up सिप और कैसे यह ज्यादा फायदेमंद है। तो आइए आपको Step-Up SIP Calculator की मदद से हम पूरी बात बताते हैं।
स्टेप-अप सिप
Step-Up SIP क्या है?
SIP में हम हर महीने एक तय रकम निवेश करते हैं, जबकि Step-Up SIP में हर साल निवेश की राशि बढ़ा दी जाती है। उदाहरण के तौर पर, अगर आपने ₹500 से SIP शुरू की है और हर साल 10% की बढ़ोतरी तय की है, तो अगले साल आपकी मासिक SIP ₹550 हो जाएगी, फिर ₹605 और इसी तरह आगे बढ़ती जाएगी।
₹500 से 12 लाख रुपये कैसे बन सकते हैं?
- शुरुआती SIP: ₹500 प्रति माह
- Step-Up: हर साल 10%
- सालाना अनुमानित रिटर्न: 12%
- कुल निवेश राशि: 4,28,417
- निवेश अवधि: 22 साल
- कुल फंड वैल्यू: 12,63,895 रुपये
Step-Up SIP के फायदे
- आपको एकमुश्त बड़ी रकम निवेश की जरूरत नहीं होती।
- जैसे-जैसे आपकी सैलरी बढ़ती है, SIP भी अपने आप बढ़ जाती है।
- बढ़ता निवेश महंगाई के असर को कम करता है।
- समय के साथ रिटर्न पर रिटर्न मिलने लगता है।
- ऑटो-डेबिट से अनुशासित निवेश होते रहता है।
किसके लिए सही है Step-Up SIP?
- नए निवेशक जो कम रकम से शुरुआत करना चाहते हैं
- युवा प्रोफेशनल्स जिनकी आय हर साल बढ़ती है
- मध्यम वर्गीय परिवार जो बच्चों की पढ़ाई, शादी या रिटायरमेंट के लिए फंड बनाना चाहते हैं
- वे लोग जो लंबी अवधि के लिए निवेश कर सकते हैं
जोखिम भी समझना जरूरी
हालांकि Step-Up SIP आकर्षक है, लेकिन इसमें बाजार जोखिम शामिल होता है। शॉर्ट टर्म में रिटर्न घट-बढ़ सकता है। इसलिए धैर्य रखना और निवेश को बीच में रोकने से बचना जरूरी है। लंबी अवधि में बाजार की अस्थिरता का असर काफी हद तक कम हो जाता है।
Step-Up SIP शुरू कैसे करें?
- किसी म्यूचुअल फंड हाउस या निवेश प्लेटफॉर्म पर अकाउंट खोलें
- KYC प्रक्रिया पूरी करें
- SIP राशि ₹500 तय करें
- Step-Up प्रतिशत (5%, 10% या 15%) चुनें
- ऑटो-डेबिट सेट कर निवेश शुरू करें
बड़ा फंड बनाना बहुत आसान
फाइनेंशियल एक्सपर्ट का कहना है कि जो निवेश निवेशक बड़ा फंड बनाना चाहते हैं लेकिन आज आपकी आमदनी कम है, तो Step-Up SIP एक स्मार्ट विकल्प बन सकता है। छोटी रकम से भी निवेशक 20–25 साल में लाखों रुपये का फंड तैयार कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
