Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 6 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी ऊपर तो कभी नीचे हो रही हैं। लेकिन सोना ने जबरदस्त छलांग लगाई, वह 1 लाख रुपये के पार पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 100452 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 113485 रुपये प्रति किलो हो गई। आगे जानिए 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोना-चांदी की शुद्धता | सुबह का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | दोपहर का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | शाम का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव |
| सोना 24 कैरेट | 100076 रुपये | 100672 रुपये | 100452 रुपये |
| सोना 23 कैरेट | 99675 रुपये | 100269 रुपये | 100050 रुपये |
| सोना 22 कैरेट | 91670 रुपये | 92216 रुपये | 92014 रुपये |
| सोना 18 कैरेट | 75057 रुपये | 75504 रुपये | 75339 रुपये |
| सोना 14 कैरेट | 58545 रुपये | 58893 रुपये | 58764 रुपये |
| चांदी 999 | 112422 रुपये प्रति किलो | 113576 रुपये प्रति किलो | 113485 रुपये प्रति किलो |
पिछले दिन क्या थे सोना-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि स्टॉकिस्टों की भारी लिवाली के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 98,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी। राष्ट्रीय राजधानी में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 700 रुपये बढ़कर 98,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। सोमवार को इसकी कीमत 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी। सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपये बढ़कर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गईं। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी की कीमत 1,10,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इस बीच, न्यूयॉर्क में हाजिर सोना 20.95 डॉलर की गिरावट के साथ 3,352.61 डॉलर प्रति औंस रह गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, हाजिर चांदी 37.39 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले महीने होने वाली बैठक में ब्याज दरों में कटौती के चक्र को फिर से शुरू करने को लेकर बढ़ती आम सहमति के कारण मंगलवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। उन्होंने कहा कि फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की नरम रुख वाली टिप्पणियों और पिछले हफ्ते की निराशाजनक रोजगार बाजार रिपोर्ट के कारण कारोबारियों के बीच सितंबर में फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक में प्रमुख ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ी है। इससे सोने के कारोबारियों का उत्साह बढ़ा है।
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक मिराए एसेट शेयर खान के एसोसिएट वाइस-प्रेसिडेंट (मुद्रा और जिंस) प्रवीण सिंह ने कहा कि जून में अमेरिकी कारखाने ऑर्डर में गिरावट के कारण हाजिर सोने की कीमतों में सोमवार को लगभग 0.30 प्रतिशत की तेजी आई और यह 3,375 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से तेल खरीद पर भारत पर भारी शुल्क लगाने की चेतावनी से भी सोने को बल मिला है और एनडीएफ बाजार में भारतीय रुपया 88 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि सोना 3,430 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर बना हुआ है क्योंकि बाजार आईएसएम सर्विसेज पीएमआई और अमेरिका के नवीनतम व्यापार संतुलन आंकड़ों के जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
वायदा बाजार में सोने के भाव
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव मंगलवार को 264 रुपये की गिरावट के साथ 1,00,940 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 264 रुपये या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,00,940 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 14,861 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,369.98 डॉलर प्रति औंस रहा।
वायदा बाजार में चांदी के भाव
वायदा बाजार में प्रतिभागियों के अपना दांव बढ़ाने से चांदी की वायदा कीमत मंगलवार को 26 रुपये की तेजी के साथ 1,12,262 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में सितंबर में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 26 रुपये या 0.02 प्रतिशत बढ़कर 1,12,262 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 18,706 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37.36 डॉलर प्रति औंस रही।
