Share Market Today: 7वें दिन लाल निशान में शेयर मार्केट, सेंसेक्स 32 तो निफ्टी 13 अंक फिसला

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में चुनिंदा आईटी एवं बैंकिंग शेयरों में बिकवाली और विदेशी कोषों की निकासी के चलते बाजार की धारणा कमजोर हुई। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 32.11 अंक यानी 0.04 प्रतिशत गिरकर 76,138.97 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 13.85 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसलकर 23,031.40 पर बंद हुआ।

Share Market Today: घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने बृहस्पतिवार को अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी और लगातार सातवें दिन हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। विश्लेषकों ने कहा कि उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में चुनिंदा आईटी एवं बैंकिंग शेयरों में बिकवाली और विदेशी कोषों की निकासी के चलते बाजार की धारणा कमजोर हुई। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 32.11 अंक यानी 0.04 प्रतिशत गिरकर 76,138.97 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,764.53 के उच्चतम और 76,013.43 के निम्नतम स्तर को छुआ। इस तरह निचले और ऊपरी स्तर के बीच 751.1 अंक का उतार-चढ़ाव आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 13.85 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसलकर 23,031.40 पर बंद हुआ।

Share Market Today

7वें दिन लाल निशान में शेयर मार्केट

इन शेयरों में हुई गिरावट

सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारतीय स्टेट बैंक, नेस्ले और टाइटन में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ सन फार्मा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और जोमैटो के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 4,969.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू मुद्रास्फीति के आंकड़ों में नरमी के कारण बाजार में शुरुआती आशावाद के बावजूद अनिश्चित वैश्विक संकेतों और कमजोर कॉरपोरेट आय के चलते ऊपरी स्तरों से गिरावट हुई।

End of Feed