Share Market Today: मजबूत वैश्विक संकेतों और घरेलू स्तर पर बैंकों के शेयरों में तगड़ी खरीद देखने को मिली जिस वजह से आज शेयर बाजार तीन दिनों की गिरावट से उबरने में सफल रहे। सेंसेक्स में 218 अंकों की बढ़त दिखी जबकि निफ्टी में 104 अंकों का उछल देखने को मिला। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स अपने शुरुआती निचले स्तरों से उबरकर 218.14 अंक यानी 0.27% की बढ़त के साथ 81,224.75 अंकों पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 384.54 अंक बढ़कर 81,391.15 अंकों के स्तर तक पहुंच गया था।
तीन दिनों की गिरावट के बाद फिर से संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स में दिखी 218 अंकों की बढ़त
इन शेयरों में दिखी तेजी
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 104.20 अंक यानी 0.42% बढ़कर 24,854.05 पर बंद हुआ। इसके साथ ही घरेलू शेयर बाजार तीन दिनों से जारी गिरावट से उबरने में सफल रहे। इसमें घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी ने अहम भूमिका निभाई। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक के शेयर ने सितंबर तिमाही के बढ़िया नतीजों के दम पर लगभग 6% की छलांग लगाई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, एनटीपीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील, भारतीय स्टेट बैंक और अदाणी पोर्ट्स भी बढ़त के साथ बंद हुए।
इन्फोसिस का ऐसा रहा हाल
दूसरी तरफ दिग्गज सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस के शेयरों में 4% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इन्फोसिस के दूसरी तिमाही के नतीजे निवेशकों के बीच भरोसा जगाने में नाकाम रहे। इन्फोसिस ने दूसरी तिमाही के शुद्ध लाभ में लगभग 5% बढ़ोतरी की सूचना दी है। इसके अलावा एशियन पेंट्स, नेस्ले, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बृहस्पतिवार को 7,421.40 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि बाजार को डीआईआई ने 4,979.83 करोड़ रुपये की खरीदारी के साथ पूरा समर्थन दिया।
अन्य बाजारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में तेजी रही जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के अधिकांश बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 % गिरकर 74.40 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बृहस्पतिवार को बीएसई सेंसेक्स 494.75 अंक गिरकर 81,006.61 और एनएसई निफ्टी 221.45 अंक घटकर 24,749.85 पर बंद हुआ था।
