Most Followed Industrialists On X: हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023 (Hurun India Rich List 2023) के अनुसार एक्स (X), जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर 1.26 करोड़ फॉलोअर्स के साथ अरबपति उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले उद्यमी बन गए हैं। वह महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) से काफी आगे हैं। बीते एक साल में टाटा के फॉलोअर्स की संख्या 8 लाख बढ़ी, जबकि महिंद्रा के फॉलोअर्स की संख्या 11 लाख बढ़ी। मगर बावजूद इसके एक्स पर कुल फॉलोअर्स के मामले में टाटा आगे हैं। महिंद्रा के 1.08 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
एक्स पर सर्वाधिक फॉलो किये जाने वाले कारोबारी रतन टाटा
और कौन-कौन है लिस्ट में शामिल
टाटा और महिंद्रा के अलावा टॉप 10 सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले उद्यमियों में पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण (66 लाख), गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (53 लाख), माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला (30 लाख), इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि (25 लाख), रोनी स्क्रूवाला (20 लाख), हर्ष वर्धन गोयनका (18 लाख), किरण मजूमदार-शॉ (16 लाख), और उदय कोटक (11 लाख) शामिल हैं।
अरबपतियों की नई लिस्ट
हुरुन ने भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की 12वीं वार्षिक रैंकिंग भी जारी की, जिसके मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी टॉप पर हैं। अंबानी दूसरे नंबर के अरबपति गौतम अडानी से 3,30,000 करोड़ रुपये ज्यादा दौलत वाले हैं।
टॉप 10 उद्यमियों में से केवल रिटेल दिग्गज दमानी और पिछले साल टॉप पर रहने वाले गौतम अडानी की नेटवर्थ में गिरावट आई है। पिछले साल की रिपोर्ट में जब अडानी टॉप पर थे तब मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर थे।
