New Active Demat Account: भारत के कैपिटल मार्केट्स में वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान रिटेल निवेशकों की उल्लेखनीय भागीदारी हुई। इस दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में 84 लाख से अधिक नए एक्टिव डीमैट खाते जोड़े गए। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 20.5 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही एनएसई पर कुल सक्रिय डीमैट खाते बढ़कर 4.92 करोड़ हो गए। इस वृद्धि में सबसे आगे दो डिजिटल ब्रोकरेज कंपनियां रहीं, जिनमें Groww और Angel One शामिल हैं। इनकी कुल नेट ग्रोथ में 57 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रही।
84 लाख नए डीमैट खाते खुले
ये भी पढ़ें -
पहले पायदान पर रही Groww
Groww सबसे अधिक योगदानकर्ता बनकर उभरी, जिसने 34 लाख नए खाते जोड़े। इसकी एनएसई की वृद्धि में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। इसका सक्रिय ग्राहक आधार मार्च, 2024 के 95 लाख से बढ़कर मार्च, 2025 में 1.29 करोड़ हो गया।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान Groww की बाजार हिस्सेदारी 23.28 प्रतिशत से बढ़कर 26.26 प्रतिशत हो गई।
एंजल वन का भी शानदार परफॉर्मेंस
एंजल वन ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान 14.6 लाख खाते जोड़े, और इसके एनएसई की कुल वृद्धि में 17.38 प्रतिशत का योगदान दिया। इसकी बाजार हिस्सेदारी 15.38 प्रतिशत है।
इनके अलावा, जीरोधा ने वित्त वर्ष 2024-25 में 5.8 लाख नए खाते जोड़े, और एनएसई की कुल वृद्धि में इसने लगभग सात प्रतिशत का योगदान दिया। वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक इसकी बाजार हिस्सेदारी 16 प्रतिशत थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने सालाना आधार पर 36.78 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की, और उसका ग्राहक आधार 14.9 लाख के करीब था। इसकी बाजार हिस्सेदारी तीन प्रतिशत थी। (इनपुट - भाषा)
