Microsoft layoffs 2025: तकनीक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने घोषणा की है कि वह 2025 में कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है। यह कदम उन कर्मचारियों को प्रभावित करेगा जिनका प्रदर्शन कंपनी के मानकों के अनुरूप नहीं है।
Microsoft छंटनी
कितने कर्मचारी होंगे प्रभावित?
सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि इस छंटनी से कंपनी के एक प्रतिशत से भी कम कार्यबल पर असर पड़ेगा। कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितने कर्मचारी नौकरी खो सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2024 तक माइक्रोसॉफ्ट में कुल 2,28,000 पूर्णकालिक कर्मचारी थे।
पहले भी हुई हैं कटौतियां
माइक्रोसॉफ्ट ने पहले भी नौकरियों में कटौती की है। 2024 में, गेमिंग डिवीजन में लगभग 2,000 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया। इसी साल, कंपनी ने अपने Azure क्लाउड कंप्यूटिंग व्यवसाय में भी छंटनी की। 2023 में गेमिंग डेवलपर्स जैसे कि Redfall Developer Arkane Austin और Tango Gameworks के कर्मचारियों को हटाया गया।
प्रदर्शन पर जोर
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने बयान में कहा कि वह उच्च-प्रदर्शन प्रतिभा को प्राथमिकता देती है। कंपनी ने यह भी बताया कि जब कर्मचारी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाते, तो उनके लिए उचित कार्रवाई की जाती है।
भारत में जारी है विस्तार
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट भारत में अपना विस्तार जारी रखे हुए है। कंपनी ने हाल ही में 500,000 ग्रामीण भारतीयों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के कौशल में प्रशिक्षित करने की घोषणा की है। यह पहल भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के साथ साझेदारी में चलाई जा रही है।
