Jio Platforms IPO Subscription and GMP : मुकेश अंबानी की कंपनी Jio Platforms का बहुप्रतीक्षित IPO आज, 21 अक्टूबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। पब्लिक सब्सक्रिप्शन शुरू होने के महज 1 घंटे में इश्यू 100% से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया।
धमाकेदार हुई आईपीओ की शुरुआत
इस बीच ग्रे मार्केट में भी Jio IPO के प्रीमियम में हल्की नरमी आई है। 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन शुरू होने से पहले इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹273 दर्ज किया गया। लेकिन, बाद में यह घटकर ₹265 हो गया। इस तरह संभावित लिस्टिंग गेन 24.40% से घटकर 23.68% हो गया है।
Jio Platforms IPO को सब्सक्रिप्शन के पहले दिन 21 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:14 बजे तक कुल 1.23 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इश्यू को संस्थागत निवेशकों (QIB) की ओर से सबसे मजबूत प्रतिक्रिया मिली, जहां एंकर निवेशकों को छोड़कर यह कैटेगरी 3.77 गुना सब्सक्राइब हुई।
वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) की कैटेगरी में 0.39 गुना और रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में 0.32 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया। कर्मचारियों की कैटेगरी 0.73 गुना और शेयरधारकों की कैटेगरी 0.58 गुना सब्सक्राइब हुई।
इस समय तक IPO के लिए कुल 24.23 करोड़ शेयरों की बोली मिली, जबकि ऑफर पर 19.75 करोड़ शेयर थे। बोलियों की कुल रकम करीब ₹27,119 करोड़ रही, जिसमें QIB कैटेगरी की बोलियों का बड़ा योगदान रहा।
एक लॉट पर कितनी कमाई का संकेत?
Jio Platforms IPO का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया है। मौजूदा GMP के हिसाब से शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत ₹1,384 बैठती है। यानी अपर प्राइस बैंड पर आवेदन करने वाले निवेशकों को प्रति शेयर करीब ₹265 के संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत मिल रहा है। IPO का अपर प्राइस बैंड ₹1,119 रखा गया है। वहीं, एक लॉट में 12 शेयर हैं। इस तरह रिटेल निवेशक न्यूनतम ₹13,428 रुपये में देश के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकते हैं।
लगातार बढ़ता गया GMP
Jio IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम में पिछले कुछ दिनों के दौरान उतार-चढ़ाव के बावजूद तेजी का रुझान दिखाई दिया है। इन्वेस्टरगेन के आंकड़ों के मुताबिक, 4 अक्टूबर को इसका GMP ₹148 था, जो 21 अक्टूबर की सुबह बढ़कर ₹273 हो गया। इस दौरान प्रीमियम में ₹125 की बढ़ोतरी हुई है।
कितना बड़ा इश्यू, कब तक मौका?
Jio Platforms इस IPO के जरिए करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। इश्यू 21 अक्टूबर को खुला है और 23 अक्टूबर को बंद होगा। शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को BSE और NSE पर प्रस्तावित है।
IPO से पहले कंपनी को एंकर निवेशकों से भी मजबूत प्रतिक्रिया मिली। रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी ने एंकर निवेशकों से करीब ₹8,110 करोड़ जुटाए। इस निवेश में BlackRock, Fidelity, LIC और कई अन्य घरेलू एवं वैश्विक संस्थानों की भागीदारी रही।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
