Pakistan Debt: पाकिस्तान पर विदेशी कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 में देश को 23 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा का बाहरी कर्ज चुकाना है। पाकिस्तान की आर्थिक समीक्षा 2024-25 और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कर्ज कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से लिया गया है, जिनमें IMF, चीन, सऊदी अरब और अन्य शामिल हैं।
पाकिस्तान पर कितना कर्ज है? (Pic Credit : iStock)
कुल कर्ज कितना है?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक मार्च 2025 के अंत तक पाकिस्तान पर कुल 76,010 अरब रुपये का कर्ज है। इसमें दो प्रमुख हिस्से हैं। घरेलू कर्ज और विदेशी कर्ज। पाकिस्तान पर 51,520 अरब रुपये (लगभग 180 अरब डॉलर) का घरेलू कर्ज है, जबकि 24,490 अरब रुपये (करीब 87.4 अरब डॉलर) का विदेशी कर्ज है। विदेशी कर्ज में IMF से लिया गया कर्ज और सरकार द्वारा दूसरे देशों से लिए गए ऋण शामिल हैं।
एक साल में चुकाना होगा 23 अरब डॉलर
2025-26 के दौरान पाकिस्तान को कुल 23 अरब डॉलर का विदेशी कर्ज चुकाना है। इसमें से 12 अरब डॉलर उन "मित्र देशों" की ओर से मिली अस्थायी जमा राशि है, जिसकी समयसीमा आगे बढ़ने की उम्मीद है। बाकी 11 अरब डॉलर बहुपक्षीय एजेंसियों, द्विपक्षीय ऋणदाताओं, अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड निवेशकों और वाणिज्यिक बैंकों को चुकाने होंगे।
कौन-कौन से देश हैं 'मित्र देश'?
पाकिस्तान के पास जो 12 अरब डॉलर की अस्थायी जमा राशि है, वह इन मित्र देशों की ओर से आई है:
- सऊदी अरब: 5 अरब डॉलर
- चीन: 4 अरब डॉलर
- संयुक्त अरब अमीरात (UAE): 2 अरब डॉलर
- कतर: करीब 1 अरब डॉलर
बजट का सबसे बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में
पाकिस्तान के लिए कर्ज चुकाना अब वार्षिक बजट का सबसे बड़ा खर्च बन चुका है। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में 17,573 अरब रुपये का कुल बजट था। जिसमे से कर्ज चुकाने के लिए 8,200 अरब रुपये इस्तेमाल हो रहे हैं यानि बजट का 46.7% हिस्सा केवल कर्ज भुगतान में खर्च होगा।
आगे की राह मुश्किल
पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और वित्तीय संकटों से जूझ रही है। ऐसे में भारी कर्ज का बोझ और उस पर हर साल की भारी भरकम किस्तें, सरकार के लिए आर्थिक नीतियों को लागू करना और विकास की राह पर आगे बढ़ना और भी मुश्किल बना रही हैं।
किसका कितना कर्ज?
- IMF - 31 मार्च, 2025 तक, पाकिस्तान पर IMF का कुल 6.23 बिलियन डॉलर का कर्ज है।
- वर्ल्ड बैंक- पाकिस्तान पर वर्ल्ड बैंक का लगभग 20.6 बिलियन डॉलर बकाया है।
- एशियन डेवलपमेंट बैंक- 31 दिसंबर, 2024 तक, एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने पाकिस्तान को पब्लिक सेक्टर लोन, ग्रांट और टेक्निकल असिस्टेंस में कुल 43.4 बिलियन डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई थी।
- चीन- पाकिस्तान को मिलने वाले कुल कर्ज में सबसे बड़ी हिस्सेदारी चीनी कर्ज की है। कंगाल पाकिस्तान के कंधों पर चीन का करीब 28.8 बिलियन डॉलर का कर्ज है, जो आईएमएफ, वर्ल्ड बैंक, एशियन डेवलपमेंट बैंक के कर्ज से भी ज्यादा है।
